भीलवाड़ा: ग्राम विकास चौपाल में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का नारी सशक्तिकरण पर जोर
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने खारी का लाम्बा में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को करोड़ों के चेक सौंपे और नारी शक्ति के उत्थान पर चर्चा की।

भीलवाड़ा के खारी का लाम्बा में ग्राम विकास चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा उपस्थित जनसमूह और महिलाओं को संबोधित करते हुए।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति के सर्वांगीण उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में भीलवाड़ा के खारी का लाम्बा गांव में आयोजित 'ग्राम विकास चौपाल' में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नारी सशक्तिकरण पर विशेष बल देते हुए कहा कि वर्ष 2014 के पश्चात केंद्र सरकार द्वारा चलाई गई कल्याणकारी योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, जन-धन योजना और 'हर घर नल से जल' जैसी पहल को मातृ शक्ति के सशक्तिकरण का आधार बताया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की नीतियों का उल्लेख करते हुए बताया कि होनहार बेटियों के लिए संचालित स्कूटी योजना की राशि अब सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की जा रही है। उन्होंने 'मा वाउचर योजना' के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को सोनोग्राफी की सुविधा और 'मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना' में महिलाओं को मिल रहे प्रति लीटर 5 रुपये के अनुदान को मील का पत्थर करार दिया। 'लखपति दीदी योजना' की चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने इस योजना में ऋण सीमा को बढ़ाकर डेढ़ लाख रुपये कर दिया है तथा ब्याज दर को घटाकर 1.5 प्रतिशत निर्धारित किया है। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिला प्रतिनिधित्व की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित किया। उन्होंने पुष्पा कंवर और अन्नू को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत चैक सौंपे। हंगामी देवी एवं रघुनाथ को पाइपलाइन योजना तथा हेमेन्द्र सिंह को फार्म पौण्ड योजना की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई। इसी क्रम में अर्चना एवं लीला को मिनीकिट, चन्ता देवी जाट को कृषक सहकारी दुर्घटना बीमा के तहत 10 लाख रुपये, अमर सिंह को ब्याजमुक्त ऋण के तहत 1.13 लाख रुपये के चैक प्रदान किए गए। साथ ही, उमंग सीएलएफ से जुड़ी सोनू कंवर को 20 लाख रुपये, बजरंग बली समूह को 4 लाख रुपये और राजीविका महिला स्वयं सहायता समूह को 1 करोड़ 10 लाख 74 हजार रुपये से अधिक की राशि के चैक वितरित किए गए। प्रभुलाल रैगर एवं अनुराधा नायक को अक्षय पोषण योजना की किट सौंपी गई।
चौपाल में राजीविका से जुड़ी महिलाओं ने अपने आत्मनिर्भर बनने के अनुभव साझा किए। क्लस्टर कॉर्डिनेटर सोनू कंवर ने बताया कि आज वे अपनी मेहनत से प्रतिमाह 25 हजार रुपये तक कमा रही हैं। लखपति मास्टर ट्रेनर मोना देवी ने बताया कि वे अब तक 4 हजार से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षित कर चुकी हैं। कृषि सखी दिव्या शर्मा ने जैविक खाद और किचन गार्डन के माध्यम से स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का विवरण दिया, वहीं डाटा सखी हीना बानो और बसंती गुर्जर ने भी अपनी आर्थिक स्वतंत्रता की कहानी साझा की।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, आसींद विधायक जब्बर सिंह सांखला, मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना, भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी, शाहपुरा विधायक लालाराम बैरवा, जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा, मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल, सहाड़ा विधायक लादूलाल पितलिया, पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया, पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी एवं रामलाल गुर्जर, जनप्रतिनिधि प्रशांत मेवाड़ा, संभागीय आयुक्त शक्तिसिंह राठौड़, आईजी राजेंद्र सिंह, जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू, एसपी सागर राणा, पंचायत समिति प्रशासक कृष्ण सिंह राठौड़, ग्राम पंचायत लांबा की प्रशासक दिव्यानी राठौड़ एवं आजाद शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने इस दौरान खारी का लाम्बा गांव में रात्रि विश्राम किया और अगले दिन प्रातः भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद का कार्यक्रम रखा है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
