जोधपुर के पास भीषण सड़क हादसा, संगम ग्रुप के पूर्व प्रेसिडेंट जीसी जैन गंभीर घायल, पत्नी की मौत
जोधपुर के डांगियावास के पास भीषण सड़क हादसे में संगम ग्रुप के पूर्व प्रेसिडेंट जीसी जैन घायल, पत्नी सुशीला जैन की मौके पर मौत।

तस्वीर में जोधपुर के डांगियावास के पास सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त होकर पलटी हुई सफेद रंग की कार और जांच करती पुलिस नजर आ रही है।
भीलवाड़ा के संगम ग्रुप के पूर्व प्रेसिडेंट एवं उद्योगपति जीसी जैन आज जोधपुर के निकट हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी सुशीला जैन की हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कार चालक उम्मेद सिंह के भी घायल होने की सूचना है। जीसी जैन का जोधपुर के एम्स अस्पताल में सघन उपचार जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कांचीपुरम में रहने वाले जीसी जैन अपनी पत्नी सुशीला जैन के साथ आज प्रातः 10 बजे भीलवाड़ा से नाकोड़ा जी के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान जोधपुर के डांगियावास के पास एक मोड़ पर सामने से आ रहे ट्रॉले के कट से बचने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और कई पलटियां खा गई।
भीषण टक्कर के बाद सुशीला जैन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जीसी जैन गंभीर रूप से घायल हो गए। कार चालक उम्मेद सिंह के पैरों में भी गंभीर चोटें लगी हैं।
हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए जोधपुर के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में जीसी जैन का सघन उपचार जारी है, जबकि कार चालक उम्मेद सिंह का भी इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और परिचितों में भारी शोक की लहर दौड़ गई। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
