भीलवाड़ा: गौ सम्मान आवाहन अभियान के तहत तहसील टोली का गठन
भीलवाड़ा में 27 अप्रैल को आयोजित होने वाले गौ सम्मान दिवस की तैयारियों के लिए विधायक कार्यालय पर संतों के सानिध्य में महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।

भीलवाड़ा विधायक कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान उपस्थित कार्यकर्ता और संत समाज, जहां 27 अप्रैल को प्रस्तावित गौ सम्मान दिवस की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
भीलवाड़ा। गौ सेवा, सुरक्षा और सामाजिक सम्मान को समर्पित 'गौ सम्मान आवाहन अभियान' ने भीलवाड़ा में अपनी संगठनात्मक शक्ति को विस्तार देते हुए तहसील टोली का विधिवत गठन कर दिया है। 18 अप्रैल को विधायक कार्यालय पर आयोजित एक महत्वपूर्ण एवं निर्णायक बैठक में तहसील प्रचारक संत श्री श्री 108 श्री लाल जी महाराज (कोटड़ी) के ओजस्वी मार्गदर्शन में अभियान की आगामी रूपरेखा तय की गई। इस अभियान का मुख्य आकर्षण 27 अप्रैल को मनाया जाने वाला 'गौ सम्मान दिवस' होगा, जिसमें लाखों की संख्या में प्रार्थना पत्र सौंपकर गौ माता को राष्ट्रव्यापी सम्मान दिलाने की मांग उठाई जाएगी।
योजना के अनुसार, गौ सम्मान यात्रा एक भव्य स्वरूप में निकाली जाएगी, जिसमें नंदी बाबा और गौ माता के साथ-साथ सुसज्जित रथ में भगवान श्री कृष्ण और बलराम के स्वरूप की मनमोहक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी। इस धर्मयात्रा में संत-महात्मा पूर्ण गरिमा और सम्मान के साथ गौ सेवा तथा सुरक्षा का संकल्प लेकर प्रार्थना पत्र थामे चलेंगे। अभियान की सार्थकता और सफलता सुनिश्चित करने के लिए महामंडलेश्वर हंस राम जी उदासीन, महामंडलेश्वर महंत बाबू गिरी जी महाराज, पंचमुखी दरबार के महंत लक्ष्मण दास जी त्यागी, हाथी भाटा आश्रम के संत दास जी महाराज, टेकरी के बालाजी के महंत बनवारी शरण जी काठिया बाबा, निंबार्क आश्रम के महंत मोहन शरण जी शास्त्री और ट्रांसपोर्ट नगर के रामदास जी महाराज के पावन सानिध्य में तहसील स्तर की जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
संगठनात्मक ढांचे में उद्योगपति टी सी छाबड़ा, राम पाल सोनी एवं लादू राम बांगड़ को संरक्षक के रूप में मनोनीत किया गया है। वहीं, तहसील प्रचारक संत श्री श्री 108 श्री लाल जी महाराज के साथ गौ प्रचारक विश्व प्रताप सिंह, भगवान सिंह चौहान, मनोज प्रताप भारद्वाज, एडवोकेट राज कुमार शर्मा, रघु नन्दन सिंह कानावत, सेवानिवृत्त अधिकारी गोपाल बांगड़, शिक्षाविद विवेक निमावत और मातृशक्ति के रूप में श्रीमती मधुबाला यादव, कविता छिपा व अलका जोशी को महत्वपूर्ण दायित्व दिए गए हैं। इनके अतिरिक्त गौशाला प्रतिनिधि रवि अग्रवाल, सुनील जागेटिया, गोविन्द सोडाणी, रामपाल असावा तथा आध्यात्मिक सत्संग क्षेत्र से इस्कॉन के प्रभु हरि चेतन दास जी, दिव्यांशु जी और शंभू वैष्णव को जोड़ा गया है। समाजसेवी राजेश बालार, शांति प्रकाश मोहता, कमलेश मुनोत के साथ मीडिया प्रबंधन के लिए दिलीप सोनी व धर्मेंद्र कोठारी को नियुक्त किया गया, जबकि रजनी कांत आचार्य, गोपी किशन पाटोदी, नारायण भडाला, भैरू लाल पांचाल और राजू दरोगा को भी प्रमुख भूमिकाएं प्रदान की गई हैं।
बैठक को संबोधित करते हुए संत श्री लाल जी महाराज ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गौ संरक्षण के इस पुनीत कार्य में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बाबू लाल टाक ने बताया कि 27 अप्रैल को गौ सम्मान दिवस के अवसर पर महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे जाएंगे। इस दिन प्रातः 9:15 बजे राजेंद्र मार्ग विद्यालय में समस्त गौ भक्त एकत्र होंगे, जहां से संतों के सानिध्य में भजन-कीर्तन करते हुए विशाल जनसमूह जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचेगा और उपखंड अधिकारी को लाखों प्रार्थना पत्र सौंपेगा। बैठक के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने इस अभियान को ऐतिहासिक बनाने और गौ माता के सम्मान की रक्षा करने का दृढ़ संकल्प लिया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
