देशभर में गौमाता के सम्मान और संरक्षण को लेकर चलाए जा रहे 'गौ सम्मान आवाहन अभियान' के तहत 27 जुलाई को आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की तैयारियां भीलवाड़ा जिले में तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सोमवार को जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आवाहन किया गया।

अभियान के तहत बागोर, करेड़ा, जाटों का निम्बाहेड़ा, बीटा, रायपुर, गंगापुर सहित जिले के कई प्रमुख कस्बों और गांवों में सघन जनसंपर्क किया गया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर बैठकें आयोजित कर ग्रामीणों को गौ संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया तथा 27 जुलाई को होने वाले मुख्य कार्यक्रम में अधिकतम संख्या में शामिल होने की अपील की गई।

विशेष जनसंपर्क अभियान में जिला प्रचारक संत परम पूज्य गौ वत्स लाल जी महाराज का सानिध्य प्राप्त हुआ। उनके साथ संभाग प्रभारी नंद किशोर साहू, जिला प्रभारी जगदीश तेली, सेवानिवृत्त आर्मी अधिकारी एवं जिला प्रभारी विश्वनाथ प्रताप सिंह, कार्यक्रम संचालक बाबूलाल टाक तथा गो भक्त हरीश श्रोत्रिय भी उपस्थित रहे। बागोर में श्री हनुमान जी मंदिर पर बैठक आयोजित की गई, जबकि करेड़ा में परम पूज्य संत श्री सरजू दास जी महाराज के आतिथ्य में बैठक हुई। इस दौरान श्री सरजू दास जी महाराज ने कहा कि वे गौ पद यात्रा का आवाहन करते हुए भजन-कीर्तन के साथ भीलवाड़ा पहुंचेंगे।

रायपुर में आयोजित बैठक में जैन संत प्रवर्तक मुनि पूज्य सुरेश जी महाराज, पावन धाम कोशीथल ने आवाहन करते हुए कहा कि गाय हमारी जीवन रक्षक है और गौ माता की रक्षा, सेवा एवं सम्मान के लिए मजबूत अधिनियम बनना हम सभी का दायित्व है। जिला प्रचारक संत श्री लाल जी महाराज ने कहा कि "गाय बचेगी तो देश बचेगा।" वहीं मटुनिया महंत शांति दास जी ने भी गौ संरक्षण को आवश्यक बताया।

जिला प्रचारक भंवरलाल खारोल ने बताया कि श्री कृष्णा देवनारायण गौशाला, गलता से 25 जुलाई 2026 को प्रातः 4:15 बजे गौ पद यात्रा प्रारंभ होगी। इसमें सैकड़ों पदयात्री भजन-कीर्तन करते हुए 27 जुलाई की प्रातः भीलवाड़ा पहुंचेंगे। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से अधिकतम संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने का आग्रह किया। इसके बाद कोशीथल में जिला टोली ने गो भक्तों से अधिक से अधिक हस्ताक्षर करवाते हुए भीलवाड़ा पहुंचने का निवेदन किया।

गंगापुर नरसिंह द्वारा में बड़ी संख्या में गो भक्तों, नागरिकों एवं नारी शक्ति की उपस्थिति में परम पूज्य महंत श्री श्याम सुंदर जी महाराज ने अभियान का समर्थन करते हुए कहा कि गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने के लिए अधिकतम हस्ताक्षरों के साथ बड़ी संख्या में बसों के जरिए भीलवाड़ा पहुंचेंगे। कार्यक्रम के अंत में संभाग प्रभारी नंदकिशोर साहू ने सभी का आभार व्यक्त किया।

जिला टोली ने बताया कि गौ माता की रक्षा, सेवा और सम्मान के उद्देश्य से जिलेभर में सघन अभियान चलाया जा रहा है, जिसे व्यापक समर्थन मिल रहा है। जनसंपर्क के दौरान सभी वक्ताओं ने कहा कि गौमाता की रक्षा और सम्मान प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है तथा 27 जुलाई का यह अभियान इस दिशा में एक सार्थक प्रयास होगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story