भीलवाड़ा में गौ सम्मान आह्वान अभियान का बिगुल, 27 जुलाई को राष्ट्रपति को सौंपा जाएगा ज्ञापन
भीलवाड़ा में गौ सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में 27 जुलाई को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया। गोवंश को राष्ट्रीय सम्मान दिलाने हेतु क्या है यह बड़ा आंदोलन? जानने के लिए पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

भीलवाड़ा में गौ सम्मान आह्वान अभियान की बैठक के दौरान उपस्थित कार्यकर्ता हाथ में पोस्टर लिए हुए।
भीलवाड़ा। गौ सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर शनिवार को भीलवाड़ा स्थित विधायक कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में अभियान से जुड़े आगामी कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों और 27 जुलाई 2026 को जिला कलेक्टर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति, माननीय प्रधानमंत्री, महामहिम राज्यपाल एवं माननीय मुख्यमंत्री के नाम प्रार्थना पत्र सौंपने की विस्तृत रूपरेखा पर गहन चर्चा की गई। बैठक का शुभारंभ गौ माता के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ, जिसके पश्चात अभियान के उद्देश्यों, कार्ययोजना एवं जनसहभागिता को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में अभियान के सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान के मूल उद्देश्यों को जन-जन तक पहुँचाने तथा अधिक से अधिक गौभक्तों एवं नागरिकों को इस मुहिम से जोड़ने का आह्वान किया गया। परम गौ भक्त सुनील जागेटिया, भगवान सिंह चौहान एवं नंदकिशोर तेली सहित अनेक वक्ताओं ने अपने संबोधन में इसे पूर्णतः अहिंसक, जनजागरण एवं राष्ट्रहित का अभियान बताया। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि इसका मुख्य उद्देश्य गौ सेवा, गौ संरक्षण एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण के प्रति समाज में व्यापक जागरूकता उत्पन्न करना है।
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार एवं सभी राज्य सरकारों से संविधान के दायरे में रहकर सम्पूर्ण भारतीय देशी गोवंश को राष्ट्रीय सम्मान प्रदान करने का आग्रह किया जाएगा। इसमें भारत में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गोमाता को राष्ट्र माता का सम्मानित दर्जा देने, गौ सेवा के लिए केंद्रीय कानून लागू कर केंद्रीय गौ सेवा मंत्रालय का गठन करने, गोचर बोर्ड की स्थापना, चारा सुरक्षा नीति लागू करने, गौ आधारित कृषि को प्रोत्साहन देने तथा देशी गोवंश से प्राप्त पंचगव्य उत्पादों के निर्माण एवं विपणन को बढ़ावा देने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं।
अभियान के तहसील प्रभारी गोवत्स लाल जी महाराज की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं से 27 जुलाई को अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने-अपने क्षेत्रों से अभियान को सफल बनाने का संकल्प लेने का आग्रह किया गया। बैठक का संचालन बाबू लाल टाक द्वारा किया गया। इस अवसर पर सुनील जागेटिया, भगवान सिंह चौहान, जिला प्रचारक जगदीश तेली, शिक्षाविद विवेक निमावत, विश्वनाथ प्रताप सिंह, नंदकिशोर तेली, अंबालाल कुमावत, राजेश रांका गंगापुर, निरंजना सोनी, मधुबाला यादव, कविता छीपा, बहादुर सिंह, राकेश गैंगट, छितरमल गैंगट, रामजीलाल माली, डॉ. प्रकाश शर्मा, मुकेश शर्मा मंगलपुरा, गोवर्धन सिंह कटार, सत्यनारायण प्रजापत, सुधांशु जैन, गजेंद्र सिंह राठौड़, सत्यनारायण गुग्गड, संजय राठी, राजकुमार ईनानी, कमल कोठारी, रमेश मूंदड़ा, संदीप तोतला, राहुल नायक, दिलीप सोनी, प्रिंस जैन, अजय पाराशर सहित अनेक गौभक्त एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में गौ सम्मान आह्वान अभियान के पोस्टर का विमोचन किया गया और शांति मंत्र के साथ समापन हुआ।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
