भीलवाड़ा: गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने हेतु कलेक्ट्रेट पर सौंपा ज्ञापन
भीलवाड़ा में संकीर्तन पदयात्रा के बाद प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को गौ संरक्षण और केंद्रीय कानून की मांग का पत्र दिया।

भीलवाड़ा कलेक्ट्रेट कार्यालय में सोमवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते विधायक अशोक कोठारी, सुनील जागेटिया और संत समाज के प्रतिनिधि।
गौ सम्मान आह्वान अभियान” के तहत सोमवार को शहर में भव्य, अनुशासित और जनसमर्थन से परिपूर्ण संकीर्तन पदयात्रा का आयोजन हुआ, जिसमें संत समाज, गौ सेवकों और हजारों गौ भक्त महिला-पुरुषों की सहभागिता ने पूरे आयोजन को प्रभावशाली बना दिया। गौ माता व श्रीकृष्ण बलराम की झांकी रैली का मुख्य आकर्षण रही, जबकि गौभक्त विधायक अशोक कुमार कोठारी, लाल जी महाराज तथा परम् गौभक्त सुनील जागेटिया नंगे पाँव यात्रा में शामिल हुए।
संकीर्तन पदयात्रा से पूर्व राजेन्द्र मार्ग विद्यालय ग्राउण्ड में आयोजित सभा में संतों-महंतों ने गौ माता के संरक्षण और उन्हें राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रारंभ में अभियान के भीलवाड़ा तहसील प्रचारक संत श्री लाल जी महाराज ने संतों, गौ भक्तों, दुर्गा शक्ति अखाड़े की बहनों, स्काउट गाइड, मुस्कान टोली, गौ मित्र मण्डल टोली और शिव महापुराण कथा आयोजन समिति सहित सभी सहभागियों का आभार व्यक्त किया। हाथी भाटा आश्रम के संत दास जी महाराज, सांगानेर के संत गोपाल दास जी महाराज, निम्बार्क आश्रम के महंत मोहनशरण शास्त्री सहित संतों ने अपने उद्बोधन में गौ माता को संपूर्ण विश्व की माता बताया। मंच पर संकट मोचन हनुमान मंदिर के महामंडलेश्वर श्री बाबू गिरी जी महाराज, हरि सेवा धाम के संत मायाराम, संत मुरारी दास जी महाराज, संत रामदास जी रामायणी, मंशापूर्ण बालाजी के संत बृजेंद्र शास्त्री, संत श्री निलेश जी महाराज, बाबाधाम के विनीत अग्रवाल, सांगानेर के उद्भव शरण जी महाराज, हरिसेवा धाम के मिहिर जी महाराज तथा गुरलां के लखन गिरी महाराज सहित अनेक संत उपस्थित रहे।
भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी ने संत-महंतों और गौ भक्तों का आभार जताते हुए कहा कि गौ माता की पीड़ा सर्वविदित है और उनकी सेवा ही जीवन की वैतरणी पार लगाने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत करोड़ों हस्ताक्षर युक्त प्रार्थना पत्र सौंपे जाएंगे। परम् गौभक्त सुनील जागेटिया ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन बाबू लाल टाक ने करते हुए सभी प्रतिभागियों से अनुशासन और शालीनता बनाए रखने का आव्हान किया।
संकीर्तन यात्रा राजेन्द्र मार्ग विद्यालय ग्राउंड से प्रारंभ होकर राजेन्द्र मार्ग रोड, आइनॉक्स, महावीर पार्क, राजीव गांधी मार्केट, सूचना केन्द्र बजरंगी चौराहा, गोल प्याऊ चौराहा, सदर बाजार, सरकारी दरवाजा, अम्बेडकर सर्किल और मशीनरी मार्केट होते हुए जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंची। यहां संतों-महंतों के सानिध्य में प्रतिनिधिमंडल ने हजारों हस्ताक्षर युक्त प्रार्थना पत्र जिला कलेक्टर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति महोदया, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राज्यपाल और मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नाम सौंपे।
प्रार्थनापत्र में देशभर में गोवंश की सुरक्षा, सेवा और राष्ट्रीय सम्मान हेतु केंद्रीय कानून बनाने, “गौ सेवा मंत्रालय” की स्थापना, गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने, गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा गोवंश को संवैधानिक संरक्षण देने जैसी प्रमुख मांगें रखी गईं। संकीर्तन पदयात्रा के दौरान इस्कॉन मंदिर के प्रभु हरि चेतन दास जी महाराज व टोली, शंभू वैष्णव व टोली तथा दिव्यांशु और आशुतोष के सानिध्य में “जय गौ माता, जय गोपाल” के उद्घोष और भजन-कीर्तन के साथ गौ सेवक अनुशासित कतारों में चलते रहे।
वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि गौवंश केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, कृषि और अर्थव्यवस्था का आधार है, इसलिए केंद्र सरकार से इस दिशा में प्रभावी और कठोर कानून बनाने की मांग की गई। यह अभियान देशव्यापी स्तर पर संचालित हो रहा है और भीलवाड़ा में आयोजित यह संकीर्तन पदयात्रा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुई।
पदयात्रा में तिलोक चंद्र छाबड़ा, राधेश्याम सोमानी, कांति लाल जैन, आनंद चपलोत, देवी लाल गुर्जर, भगवान सिंह चौहान, मनोज प्रताप भारद्वाज, एडवोकेट अर्पित कोठारी, राजेश बालार, विश्वनाथ प्रताप सिंह, शरद सिंह चौहान, गोपाल बांगड़, सुरेश त्रिपाठी, गजेन्द्र सिंह राठौड़, शिक्षाविद विवेक निमावत, भैरू लाल गुर्जर, नारायण भदाला, मुकेश जाट, मातृशक्ति मधु बाला यादव, कविता छीपा, रामपाल असावा, बाबू लाल जाजू, सत्यनारायण गुग्गड़, देवकिशन माली, पवन बावरी, गजानंद बजाज, कन्हैया लाल स्वर्णकार, डॉ. देवेन्द्र कुमावत, संजय राठी, कमल कोठारी, राजकुमार ईनाणी, एडवोकेट राघव आचार्य, ललित सोमानी, जय गुरनानी, कन्हैयालाल जगत्यानी, नवीन खण्डेलवाल, दिनेश सुथार, पृथ्वीराज चौहान, चेतन मानसिंहका, बिलेश्वर डाड, सुनील शर्मा, सुधांशु जैन, सात्विक शर्मा, अभिषेक चंडालिया, प्रिन्स जैन, अजय पाराशर सहित मुस्कान टीम और अनेक सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
