भीलवाड़ा पहुंची गढ़बोर चारभुजानाथ की भव्य बारात, 16108 तुलसी-शालिग्राम विवाह महोत्सव आज रचेगा इतिहास
रुक्मणी मंगल कथा के समापन और तुलसी महारानी के स्वागत के बाद मेडिसिटी ग्राउंड व आसपास के क्षेत्रों में धार्मिक आयोजन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।

व्यासपीठ पर वक्ता और पारंपरिक वेशभूषा में दो कलाकार भीलवाड़ा के धार्मिक आयोजन में दिख रहे हैं
श्री तुलसी शालिग्राम विवाह महोत्सव सेवा समिति के तत्वावधान और श्री वल्लभ संकीर्तन सेवा संघ के संयोजन में आयोजित चार दिवसीय महामहोत्सव के लिए गुरुवार शाम गढ़बोर चारभुजानाथ की बारात पुर रोड स्थित पंचमुखी बालाजी मंदिर के पास पहुंची। बारात के आगमन से पहले ही बड़ी संख्या में भीलवाड़ावासी श्रद्धालु एकत्रित हो गए थे। जैसे ही ठाकुरजी छत्र के साथ बेवाण से बाहर निकले, जय चारभुजानाथ के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया और भक्ति में झूमने लगे।
आयोजन के सूत्रधार गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज, मुख्य आचार्य योगेन्द्र शर्मा, आयोजन समिति के अध्यक्ष राधेश्याम चेचाणी एवं संयोजक डॉ. एस.एन. गग्गड़ सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने नाचते-गाते ठाकुरजी की भव्य अगवानी की। पंचमुखी बालाजी मंदिर में पुजारी मुरारी पांडे और मंदिर समिति के सदस्यों ने ठाकुरजी की आरती उतारी तथा राजभोग अर्पित किया। गढ़बोर चारभुजाजी के साथ बारात लेकर पहुंचे पुजारी परिवार और सेवादारों का भी आयोजन समिति की ओर से स्वागत-सत्कार किया गया।
इसके बाद बारात आगे रवाना हुई। बिलिया में श्रद्धालु परिवारों ने ठाकुरजी का भव्य स्वागत किया। आजादनगर स्थित आनंदम भवन को विश्राम स्थल बनाया गया है। यहां पहुंचने के दौरान रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालु ठाकुरजी की एक झलक पाने के लिए आतुर नजर आए। वाहनों के काफिले पर लगातार पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया।
आयोजन समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र कचोलिया ने बताया कि श्री तुलसी शालिग्रामजी विवाह महामहोत्सव में शुक्रवार को सुबह 8 बजे से पाणिग्रहण संस्कार की रस्में प्रारंभ होंगी। दिव्य बारात शोभायात्रा सुबह 8.15 बजे आजादनगर स्थित एमपीएस स्कूल से रवाना होगी। इसमें मेवाड़ धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ के साथ भीलवाड़ा के बड़े चारभुजा नाथ, दूधाधारी गोपालजी, संजय कॉलोनी चारभुजा नाथ, सांगानेर चारभुजा नाथ, रावला चारभुजा नाथ बिलिया, शेष सहायजी मांडल, दांथल श्याम तथा श्री सांवरिया सेठ नौगांवा बारात लेकर विवाह महामहोत्सव स्थल पहुंचेंगे। सुबह 11.15 बजे तोरण की रस्म होगी, जबकि दोपहर 12.15 बजे पाणिग्रहण संस्कार संपन्न होगा। इसके बाद बारात विदाई की रस्म निभाई जाएगी।
महामहोत्सव के तीसरे दिन गुरुवार सुबह आयोजन स्थल मेडिसिटी ग्राउंड में भात मनोरथ का आयोजन उत्साह के साथ किया गया। इसके बाद दोपहर में तीन दिवसीय रुक्मणी मंगल कथा के अंतिम दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्यासपीठ से आयोजन के सूत्रधार गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज ने रुक्मणी विवाह से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का वर्णन किया। कथा के दौरान भक्ति की धारा में श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते रहे। विशाल पांडाल का विस्तार किए जाने के बावजूद श्रद्धालुओं की संख्या इतनी अधिक रही कि बैठने के लिए स्थान मिलना मुश्किल हो गया।
इस अवसर पर द्वारिकाधीश श्रीकृष्ण और रुक्मणी की सजीव झांकी सजाई गई। 'मुझे श्याम सुंदर की दुल्हन बना दो' भजन शुरू होते ही सैकड़ों श्रद्धालु मंच के सामने नाचते-गाते भक्ति में लीन हो गए।
कथा के अंतिम दिन गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज ने रुक्मणीजी के द्वारिकाधीश श्रीकृष्ण से विवाह से पहले बनी परिस्थितियों और उनके समाधान के प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि जब मन में प्रीतम के रूप में परमात्मा को पाने की प्रीत जागृत हो जाती है तो कोई भी चुनौती या समस्या मार्ग नहीं रोक सकती। उन्होंने बताया कि रुक्मणीजी का भगवान श्रीकृष्ण से विवाह रोकने के लिए रुक्मी और शिशुपाल ने कई प्रयास किए तथा षड्यंत्र रचे, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए। कथा की पूर्णाहुति पर महाराजश्री ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
कथा विश्राम के अवसर पर व्यासपीठ का स्वागत-अभिनंदन करने वालों में भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी, नगर निगम महापौर जसवंत कंवर, उप महापौर राधेश्याम सोमानी, आयोजन समिति अध्यक्ष राधेश्याम चेचाणी, विजेन्द्र महाराज, भूपेन्द्रसिंह, डॉ. डीएल काष्ट, हंसराज अटारिया, कैलाशचन्द्र आगाल, दिनेश ईनाणी, बसंत झंवर अहमदाबाद और देवकिशन काकानी गंगापुर शामिल रहे। कथा की पूर्णाहुति पर प्रधान कथा यजमान बालूलाल पोरवाल बड़लियास सहित हजारों श्रद्धालुओं ने श्रद्धाभाव से व्यासपीठ की आरती की। मुख्य आचार्य योगेन्द्र शर्मा के मार्गदर्शन में डॉ. हंसा व्यास ने मंच संचालन किया।
आयोजन समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष छगनलाल जैन ने बताया कि कथा समापन के बाद तुलसी महारानीजी के आयोजन स्थल पर पहुंचते ही महिलाओं ने भक्ति गीत गाकर उनका स्वागत किया। विवाह महामहोत्सव में शामिल होने वाले हजारों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आयोजन समिति ने व्यापक तैयारियां की हैं। आयोजन को व्यवस्थित बनाने के लिए सैकड़ों कार्यकर्ता समर्पित भाव से सेवाएं दे रहे हैं।
इससे पहले बुधवार रात 8 बजे से महामहोत्सव के तहत भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। प्रेम और भक्ति से ओतप्रोत इस कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालु उत्साह के साथ शामिल हुए और भजनों का आनंद लिया। भीलवाड़ा के कई कलाकारों ने भजन एवं गीतों के माध्यम से ठाकुरजी की भक्ति की।
गढ़बोर चारभुजानाथ की पहली बार भीलवाड़ा पहुंची बारात, रुक्मणी मंगल कथा की पूर्णाहुति और तुलसी महारानी के स्वागत के साथ विवाह महामहोत्सव का उत्साह चरम पर पहुंच गया है। शुक्रवार को होने वाला पाणिग्रहण संस्कार इस चार दिवसीय धार्मिक आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
