भीलवाड़ा के गंगापुर में बैलगाड़ियों पर निकली अनोखी बारात, दिया गौवंश संरक्षण का संदेश
आधुनिक वाहनों की जगह सजी हुई बैलगाड़ियों से बारात निकालकर गंगापुर निवासी राजकुमार तेली ने भारतीय संस्कृति और बेसहारा गौवंश की सुरक्षा के प्रति समाज को जागरूक किया।

गंगापुर की सड़क पर विवाह समारोह के दौरान सजी हुई बैलगाड़ी के साथ पगड़ी पहने बाराती खड़े दिख रहे हैं।
भीलवाड़ा। आधुनिकता के दौर में जहां शादी-विवाह के आयोजनों में पारंपरिक रीति-रिवाज पीछे छूटते जा रहे हैं, वहीं गंगापुर निवासी राजकुमार तेली ने अपने बेटे की शादी में बैलगाड़ियों से बारात निकालकर भारतीय संस्कृति और गौवंश के प्रति सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान का अनूठा संदेश दिया। आधुनिक वाहनों के बजाय पारंपरिक अंदाज में सजी बैलगाड़ियों में निकली बारात नगरवासियों के लिए आकर्षण और कौतूहल का केंद्र बन गई।
इस पहल के पीछे गौवंश के संरक्षण और उसके प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का भाव प्रमुख रहा। वर्तमान समय में गौमाता और गौवंश के सामने बढ़ती चुनौतियों तथा सड़कों पर बेसहारा भटकने वाले गोवंश की स्थिति को देखते हुए इस आयोजन के माध्यम से लोगों को उनके प्रति संवेदनशील बनाने का प्रयास किया गया।
गौ सेवक नंदकिशोर तेली ने बताया कि भारतीय संस्कृति में गौधन को सबसे बड़ी संपत्ति माना गया है। एक समय था, जब किसी व्यक्ति की समृद्धि और सामाजिक प्रतिष्ठा का आकलन उसके गौवंश की संख्या से किया जाता था। गाय केवल पशुधन नहीं, बल्कि भारतीय जीवनशैली, कृषि व्यवस्था, अर्थव्यवस्था और आध्यात्मिक आस्था का महत्वपूर्ण आधार रही है। इसके बावजूद वर्तमान समय में गौवंश अनेक स्थानों पर सड़कों पर बेसहारा भटकने को मजबूर है।
उन्होंने बताया कि समाज में गाय और नंदी के महत्व को फिर से स्थापित करने, नई पीढ़ी को भारतीय परंपराओं से जोड़ने और विवाह जैसे मांगलिक अवसर पर गौमाता का आशीर्वाद प्राप्त करने की भावना से बैलगाड़ियों में बारात निकालने का निर्णय लिया गया। यह आयोजन केवल पारिवारिक समारोह तक सीमित नहीं रहा, बल्कि गौवंश की सेवा, संरक्षण और सम्मान के प्रति सामाजिक जागरूकता का माध्यम भी बना।
बैलगाड़ियों में सवार बारातियों का पारंपरिक अंदाज लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। आधुनिकता के बीच इस अनूठी बारात ने भारतीय संस्कृति और अपनी जड़ों से जुड़े रहने का संदेश दिया। साथ ही यह प्रेरणा दी कि गौवंश के प्रति सम्मान केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसकी सेवा और सुरक्षा के लिए समाज को भी आगे आना होगा।
इस अवसर पर हरिराम तेली, तुलसीराम तेली, शांतिलाल तेली, राजमल तेली, महेश कुमार, नगजीराम तेली, दिनेश तेली, भगतराम तेली, देवीलाल तेली, ओमप्रकाश तेली, मनोहर तेली, भैरूलाल तेली, प्रह्लाद राय तेली, गोपाल तेली सहित तेली समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

