भीलवाड़ा: गंगापुर में ट्रैफिक जाम से राहत की उम्मीद, तैनात होंगे 4 यातायात पुलिसकर्मी
नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति काकाणी की पहल पर जिला पुलिस अधीक्षक ने मुख्य बाजारों और बस स्टैंड क्षेत्र में जाम नियंत्रण के लिए जवानों की तैनाती का भरोसा दिया है।

गंगापुर में यातायात सुधार और पुलिसकर्मी तैनाती की मांग को लेकर भीलवाड़ा एसपी को ज्ञापन देतीं प्रीति काकाणी।
गंगापुर (भीलवाड़ा)। शहर में बिगड़ती यातायात व्यवस्था और आए दिन लगने वाले जाम से परेशान लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति काकाणी की पहल पर जिला पुलिस प्रशासन ने गंगापुर में चार यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती का भरोसा दिलाया है। जिला पुलिस अधीक्षक ने 18 नवंबर के बाद पुलिसकर्मियों को तैनात करने का आश्वासन दिया है। इससे शहर के प्रमुख बाजारों, चौराहों और बस स्टैंड क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधरने की उम्मीद जगी है।
दरअसल, गंगापुर में लगातार बढ़ते वाहनों की संख्या और यातायात नियंत्रण की समुचित व्यवस्था नहीं होने से प्रतिदिन जाम की स्थिति बन रही है। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति काकाणी ने जिला पुलिस अधीक्षक, भीलवाड़ा को पत्र लिखकर शहर में 5 से 6 यातायात पुलिसकर्मियों की स्थायी तैनाती अथवा नियमित ड्यूटी व्यवस्था करने की मांग की थी।
पालिका अध्यक्ष ने अपने पत्र में बताया कि गंगापुर के मुख्य बाजारों में बढ़ती भीड़, सड़कों पर अनियंत्रित तरीके से खड़े वाहन और यातायात प्रबंधन के अभाव में आम नागरिकों, व्यापारियों, राहगीरों तथा वाहन चालकों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। विशेष रूप से प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड और व्यस्त मार्गों पर वाहनों का दबाव अधिक रहने से जाम की स्थिति बनी रहती है।
उन्होंने यातायात अव्यवस्था को नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए कहा कि इसका असर स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के आवागमन पर भी पड़ रहा है। स्कूली बच्चों को विद्यालय आने-जाने में परेशानी होती है, जबकि महिलाओं और बुजुर्गों को सड़क पार करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। आपातकालीन परिस्थितियों में एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों को समय पर रास्ता मिलना भी मुश्किल हो जाता है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
पालिका अध्यक्ष ने शहर में कम से कम 5-6 यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग रखी थी। इस पर जिला पुलिस अधीक्षक ने 18 नवंबर के बाद गंगापुर में चार ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को तैनात करने का भरोसा दिलाया है। पुलिस प्रशासन के इस आश्वासन के बाद शहरवासियों को प्रमुख चौराहों, व्यस्त बाजारों और बस स्टैंड क्षेत्र में यातायात नियंत्रण बेहतर होने की उम्मीद है।
प्रीति काकाणी ने पत्र के माध्यम से यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ नो-पार्किंग व्यवस्था की प्रभावी पालना करवाने, अनावश्यक जाम पर नियंत्रण रखने, यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने और आमजन में यातायात अनुशासन के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता भी जताई है।
अब गंगापुर के नागरिकों की निगाहें 18 नवंबर के बाद होने वाली पुलिसकर्मियों की तैनाती पर टिकी हैं। प्रमुख चौराहों और बाजारों में नियमित ड्यूटी से रोजाना लगने वाले जाम की समस्या पर नियंत्रण पाने में मदद मिल सकती है। हालांकि, शहर की यातायात व्यवस्था में चार पुलिसकर्मियों की तैनाती से कितना सुधार आता है और भविष्य में अतिरिक्त पुलिस बल की आवश्यकता पर क्या निर्णय होता है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।

