भीलवाड़ा जिले में अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गंगापुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी से भरा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान मामले में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो वाहन और तीन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं तथा प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधीक्षक सागर राणा (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहाड़ा बुद्धराज खटीक एवं वृत्ताधिकारी गंगापुर सुदर्शन पालीवाल के सुपरविजन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थ, अवैध हथियार, अवैध खनन एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 6 अगस्त की रात थाना गंगापुर पुलिस टीम ने बरसानी नदी क्षेत्र में कार्रवाई की।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नदी क्षेत्र में अवैध रूप से बजरी का खनन कर उसे ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरा जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी राजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर कुछ लोग मौके से फरार हो गए, जबकि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से अवैध बजरी से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किया गया।

जांच के दौरान अवैध बजरी परिवहन में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो वाहन तथा तीन मोटरसाइकिल भी जब्त की गईं। इस संबंध में थाना गंगापुर पर प्रकरण संख्या 204/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 112(2) तथा एमएमडीआर एक्ट की धारा 4/21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अवैध बजरी गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश के साथ पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान जगदीश जाट पुत्र प्यारचंद जाट (26 वर्ष), निवासी उल्लाई, थाना गंगापुर, जिला भीलवाड़ा को गिरफ्तार किया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल नेतराम (विशेष भूमिका), शैतान सिंह, रामनिवास, कांस्टेबल नरेन्द्र सिंह (विशेष भूमिका) तथा संजय की सराहनीय भूमिका रही। अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस की यह कार्रवाई मामले से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story