भीलवाड़ा सामूहिक दुष्कर्म मामले में दो दोषियों को शेष उम्रकैद की सजा
पोक्सो कोर्ट ने 18 गवाहों व 50 साक्ष्यों के आधार पर दोषी ठहराते हुए दोनों पर कुल 85 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

भीलवाड़ा में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर मामले में न्यायालय ने सख्त फैसला सुनाते हुए पीड़िता की सहेली के पति सहित दो आरोपियों को उनके शेष प्राकृतिक जीवन तक कारावास की सजा सुनाई है। दोषी ईशु हरिजन और आकाश सांसी पर क्रमशः 50 हजार और 35 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है। शनिवार को पोक्सो कोर्ट (एक) की न्यायाधीश श्रीमती रेखा वधवा ने यह फैसला सुनाया।
विशिष्ट लोक अभियोजक धर्मवीर सिंह कानावत के अनुसार, पीड़िता की मां ने 2 जनवरी 2025 को प्रतापनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 31 दिसंबर 2024 को उनकी नाबालिग बेटी, जो झाडू-पोछे का काम करती थी, शाम करीब 6:30 बजे रुक्मणी कॉलोनी जा रही थी। रास्ते में उसे उसकी सहेली का पति ईशु हरिजन मिला। उसने लड़की को बताया कि उसकी सहेली ने लड़की को जन्म दिया है और वह उससे मिलने के लिए बुला रही है। उसकी बात पर भरोसा कर नाबालिग आरोपी की मोटरसाइकिल पर बैठ गई।
आरोप के मुताबिक, ईशु हरिजन उसे जबरन पालड़ी नदी की तरफ जंगल में ले गया। वहां उसके दो साथी आकाश सांसी और एक अन्य पहले से मौजूद थे। जंगल में ईशु ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन भी बंद कर दिया और उसके साथ जबरदस्ती की। इस दौरान आकाश सांसी और उसके एक अन्य साथी ने पीड़िता के हाथ-पैर पकड़ने में सहयोग किया। आरोपियों ने पीड़िता के मोबाइल से रुपये ट्रांसफर करने के लिए भी दबाव बनाया और उसका सोने का मांदलिया छीनने का प्रयास किया।
पीड़िता किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भाग निकली और अपना फोन चालू कर भांजे को घटना की सूचना दी। भांजा मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की और उसे अधमरा कर दिया। कुछ देर बाद सुभाषनगर थाने की पुलिस गाड़ी वहां पहुंची। पीड़िता ने पुलिस को पूरी घटना बताई। इसके बाद रात में प्रतापनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई।
पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। गवाहों के बयान दर्ज करने और साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। इसके बाद मामले की न्यायिक सुनवाई शुरू हुई।
मुकदमे की सुनवाई के दौरान विशिष्ट लोक अभियोजक धर्मवीर सिंह कानावत ने पीड़िता की ओर से पैरवी करते हुए न्यायालय में 18 गवाहों के बयान करवाए और 50 दस्तावेज पेश किए। गवाहों के बयानों और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ अपराध प्रमाणित हुआ।
सभी साक्ष्यों और गवाहियों पर विचार करने के बाद पोक्सो कोर्ट (एक) की न्यायाधीश श्रीमती रेखा वधवा ने आरोपी ईशु हरिजन और आकाश सांसी को शेष प्राकृतिक जीवन तक कारावास की सजा सुनाई। इसके साथ ही ईशु हरिजन पर 50 हजार रुपये और आकाश सांसी पर 35 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
