फूलियाकलां में चोर बेखौफ: दीवार में सेंध लगाकर घर में घुसे, नकदी-जेवरात चोरी
भीलवाड़ा के फूलियाकलां थाना क्षेत्र के खामोर गांव में चोरों ने दीवार में सेंध लगाकर नकदी और जेवरात चुराए, एक सप्ताह में तीसरी वारदात।

भीलवाड़ा जिले के फूलियाकलां थाना क्षेत्र के खामोर गांव में रामूदेवी बैरवा के मकान की दीवार में सेंध लगाकर नकदी और जेवरात चोरी करने के बाद घटनास्थल का आंतरिक दृश्य।
भीलवाड़ा। फूलियाकलां थाना इलाके में चोरों के हौसले बुलंद हैं। खामोर गांव में बीती रात चोरों ने मकान की पीछे की दीवार में सेंध लगाकर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। थाना इलाके में एक सप्ताह में चोरी की यह तीसरी वारदात है। इससे पहले चोर दिनदहाड़े दो किसानों के सूने मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये का माल चुरा चुके हैं। लगातार हो रही वारदातों से थाना सर्किल के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार खामोर निवासी रामूदेवी बैरवा बुधवार रात खाना खाने के बाद परिवार सहित कमरे के बाहर सो गई थी। देर रात बदमाशों ने मकान के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया और कमरे में रखे सामान की सार-संभाल की। इस दौरान चोरों के हाथ दो हजार रुपये की नकदी, चांदी की पायजैब, चूड़ियां, दो चांदी के सिक्के और सोने का मांदलिया लग गया। नकदी और जेवरात चोरी करने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
वारदात के दौरान कमरे के बाहर सो रहे परिवार के किसी भी सदस्य को इसकी भनक तक नहीं लगी। चोर पूरी वारदात को अंजाम देकर वहां से निकल गए। गुरुवार सुबह चोरी का पता चलने पर परिवार सकते में आ गया और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वारदातस्थल का जायजा लिया। पुलिस का कहना है कि चोरों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
फूलियाकलां थाना इलाके में एक सप्ताह के भीतर चोरी की यह तीसरी वारदात है। इससे पहले बावड़ी सहित दो गांवों में चोरों ने किसानों के दो सूने मकानों को दिनदहाड़े निशाना बनाया था। उस समय परिवार के सभी लोग खेतों में गए थे और बच्चे स्कूल गए हुए थे। लगातार सामने आ रही चोरी की वारदातों ने थाना सर्किल के ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
