दीपावली से पहले आमजन को शुद्ध, गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत गुलाबपुरा और भीलवाड़ा शहर में औचक निरीक्षण किए गए। इस दौरान दो प्रतिष्ठानों से लगभग 515 किलोग्राम अवधिपार खाद्य सामग्री बरामद हुई, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए दो नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. संजीव कुमार शर्मा की मौजूदगी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुलाबपुरा स्थित कृष्णा किराणा स्टोर का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकान पर लगभग 15 किलोग्राम तेल, मसाले, बादाम और अन्य खाद्य सामग्री अवधिपार मिली। टीम ने खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत इस सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवा दिया। कार्रवाई के दौरान जेके ब्रांड के धनिया पाउडर का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव भी मौजूद रहे।

दूसरी कार्रवाई भीलवाड़ा शहर में रेलवे स्टेशन रोड स्थित जैन बीकानेर के गोदाम पर की गई। डिप्टी सीएमएचओ डॉ. दिलराज मीणा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने यहां अचानक छापा मारा। निरीक्षण के दौरान गोदाम में बड़ी मात्रा में अवधिपार खाद्य सामग्री का भंडार मिला। टीम ने कार्रवाई करते हुए लगभग 500 किलोग्राम सोहन पापड़ी, पेय पदार्थ पेप्सी, रसगुल्ले, खजूर, राजभोग, सॉस की बोतलों और अन्य अवधिपार खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवा दिया।

गोदाम की जांच के दौरान ‘जैन श्री’ ब्रांड की केसर बाटी का नमूना भी लिया गया। इसे गुणवत्ता परीक्षण के लिए अजमेर स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरज मीणा, अंकित शर्मा और संजय वर्मा सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।

सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि दीपावली के मद्देनजर विभाग की टीमें बाजारों, दुकानों और गोदामों की लगातार सघन जांच कर रही हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों के स्वास्थ्य की रक्षा करना और अवधिपार व मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी। गुलाबपुरा और भीलवाड़ा में हुई इस कार्रवाई के तहत अवधिपार खाद्य सामग्री नष्ट करने के साथ धनिया पाउडर और केसर बाटी के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story