भीलवाड़ा: बड़ला में पिता ने की बेटे की हत्या, खुद भी जहर खाकर दी जान
बड़लियास क्षेत्र में पिता ने दरांती से मासूम का गला रेता, व्हाट्सएप पर सुसाइड वीडियो पोस्ट कर ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाया।

भीलवाड़ा के बड़ला गांव में हुई हृदयविदारक घटना के बाद घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाती मांडलगढ़ और बड़लियास थाना पुलिस की टीम।
भीलवाड़ा। जिले के बड़लियास थाना क्षेत्र के बड़ला गांव में शुक्रवार को एक ऐसी रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया। एक पिता ने अपने ही 13 वर्षीय मासूम बेटे की घास काटने की दरांती से गला काटकर निर्मम हत्या कर दी। बेटे को मौत की नींद सुलाने के बाद आरोपी पिता ने खुद भी विषाक्त पदार्थ (सल्फास) का सेवन कर लिया, जिसकी जिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान मौत हो गई। इस दोहरे हत्याकांड और आत्महत्या की खबर से पूरे इलाके में शोक और सनसनी फैल गई।
भाई ने भगवान के दर्शन के लिए खोला था व्हाट्सएप, सामने आया मौत का पैगाम
घटना का खुलासा बेहद चौंकाने वाले तरीके से हुआ। राधेश्याम वैष्णव के भाई भगवान वैष्णव प्रतिदिन की तरह शुक्रवार सुबह भी भगवान के दर्शन करने और सुविचार देखने के लिए गांव का व्हाट्सएप ग्रुप चेक कर रहे थे। सुबह करीब 4:15 बजे राधेश्याम ने उस ग्रुप में एक वीडियो डाला था। जैसे ही भगवान ने वीडियो प्ले किया, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। वीडियो में राधेश्याम अपनी और अपने बेटे की मौत का ऐलान कर रहा था। भगवान ने तुरंत राधेश्याम को फोन मिलाया, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ मिला। अनहोनी की आशंका में जब परिजन और ग्रामीण राधेश्याम के घर पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर सबकी रूह कांप गई।
दीवार फांदकर अंदर घुसे परिजन, चारपाई पर मिला मासूम का लहुलुहान शव
परिजन जब घर पहुंचे तो अंदर से दरवाजा बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी जब गेट नहीं खुला, तो भगवान और अन्य लोग दीवार फांदकर घर में घुसे। कमरे का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया गया, तो कुछ देर बाद राधेश्याम ने गेट खोला और लडख़ड़ाते हुए बाहर गिर पड़ा। परिजनों ने जब अंदर जाकर देखा तो चारपाई पर सो रहे मासूम वंश का गला कटा हुआ था और पूरी चादर खून से सनी थी। कमरे की स्थिति देखकर साफ था कि राधेश्याम ने पहले साफी से पंखे पर फंदा लगाकर खुदकुशी की कोशिश की थी, लेकिन असफल होने पर उसने सल्फास खा लिया।
ससुराल पक्ष पर आरोप और कर्ज का बोझ
वारदात से पहले वायरल किए गए वीडियो में राधेश्याम ने अपनी इस आत्मघाती कदम के लिए अपनी पत्नी लीला, सास-ससुर, साले और ससुराल के अन्य लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। उसने आरोप लगाया कि "उसे मानसिक रूप से बहुत ज्यादा प्रताडि़त किया जा रहा था।" इसके अलावा, जांच में यह भी सामने आया है कि राधेश्याम कर्ज के बोझ तले दबा था। वीडियो में उसने अपने पिता और भाई से उन लोगों का कर्ज उतारने की मिन्नत की है, जिनसे उसने पैसे उधार लिए थे। सवाईपुर चौकी प्रभारी प्यारचंद ने बताया कि "राधेश्याम पर पहले भी कर्ज था जिसे परिजनों ने चुका दिया था, लेकिन वह फिर से कर्ज के जाल में फंस गया था।"
परीक्षा देने ननिहाल से आया था वंश, क्या पता था पिता ही बन जाएगा काल
मृतक मासूम वंश कोटड़ी के एक स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ता था। माता-पिता के बीच अनबन के कारण वह अपनी मां के साथ चित्तौडग़ढ़ के गटियावली (ननिहाल) में रह रहा था। उसकी परीक्षाएं नजदीक थीं, इसलिए उसका बड़ा भाई संतू उसे 19 फरवरी को ही पिता के पास बड़ला छोडक़र गया था। पिता पिछले दो दिनों से बेटे को गांव में घुमा रहा था, किसी को अंदेशा नहीं था कि वह अपने ही कलेजे के टुकड़े पर दरांती से वार कर देगा। मांडलगढ़ पुलिस उपाधीक्षक बाबूलाल बिश्नोई और बड़लियास थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस अब पारिवारिक कलह व कर्ज के एंगल से मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
सुवाणा में दर्दनाक हादसा: खेत पर चारा लेने गए अधेड़ की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत
भीलवाड़ा के सदर थाना क्षेत्र के सुवाणा गांव में शुक्रवार सुबह एक हृदयविदारक हादसा घटित हुआ, जिसमें एक अधेड़ व्यक्ति की करंट लगने से जान चली गई। खेत पर मवेशियों के लिए चारा लेने गए सुवाणा निवासी रतनलाल (50) पुत्र रामचंद्र नायक हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गए। समाज के गोवर्धन नायक ने बताया कि जब रतनलाल खेत पर कार्य कर रहे थे, तभी वहां से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन के झूलते तारों के संपर्क में आ गए। करंट इतना भीषण था कि रतनलाल बुरी तरह झुलस गए और मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया और पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हादसा बिजली विभाग की लापरवाही से हुआ या कोई अन्य कारण रहा।
भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने तीन श्रमिकों को रौंदा, एक की मौके पर मौत
माण्डलगढ़ थाना क्षेत्र के जोजवा गाँव के पास शुक्रवार सुबह एक और हृदयविदारक सडक हादसा घटित हुआ, जहाँ बेकाबू रफ्तार से दौड़ रहे एक ट्रैक्टर ने काम पर जा रहे तीन श्रमिकों को अपनी चपेट में ले लिया। जोजवा गाँव के समीप बनास नदी की ओर बजरी भरने जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे श्रमिक उदय सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों और श्रमिक यूनियन के पदाधिकारियों ने माण्डलगढ़ टेक्सटाइल फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर एकत्रित होकर मुआवजे और अवैध रूप से दौड़ते तेज रफ्तार ट्रैक्टरों पर कठोर लगाम कसने की मांग को लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
कोटड़ी में मातम: ईदगाह परिसर की बावड़ी में डूबने से किशोर की मौत
भीलवाड़ा जिले के कोटड़ी कस्बे में जहाजपुर रोड स्थित ईदगाह परिसर में शुक्रवार को बावड़ी में पैर फिसलने से एक किशोर की पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। कोटड़ी थाने के एएसआई रणजीत सिंह ने बताया कि नेहरू नगर निवासी करीब सात-आठ किशोर ईदगाह परिसर में सफाई कार्य करने गए थे। कार्य संपन्न होने के बाद हाथ-पैर धोते समय अचानक दो किशोरों का संतुलन बिगड़ गया। ग्रामीणों ने एक को तो बचा लिया, लेकिन करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद वसीम अकरम उर्फ जोनी (17) पुत्र फिरोज का शव बाहर निकाला जा सका।
श्मशान की जमीन पर दावेदारी को लेकर भीमपुरा में घमासान: 3 घंटे तक रुका रहा अंतिम संस्कार
जिले की किशनगढ़ पंचायत के राजस्व गांव भीमपुरा में शुक्रवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब बुजुर्ग महिला धापू देवी गुर्जर के अंतिम संस्कार के दौरान श्मशान की भूमि को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए। दूसरे पक्ष ने उक्त भूमि को अपनी निजी खातेदारी की जमीन बताकर संस्कार करने से रोक दिया। तहसीलदार रवि कुमार मीणा और शक्करगढ़ थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लंबी समझाइश की। विवाद गहराने के कारण करीब तीन घंटे तक मृतका का शव श्मशान में ही रखा रहा, जिसके बाद प्रशासन की मौजूदगी में दाह संस्कार संपन्न करवाया गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
