भीलवाड़ा ईएसआई अस्पताल मुद्दा: विधायक कोठारी की मांग पर मंत्री का आश्वासन
विधायक अशोक कोठारी ने अस्पताल को केंद्र सरकार के सुपुर्द करने की मांग की, चिकित्सा मंत्री ने अप्रैल तक विशेषज्ञ चिकित्सकों की भर्ती का भरोसा दिया।

भीलवाड़ा, 6 मार्च। भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने विधानसभा में नियम 50 के तहत स्थगन प्रस्ताव पर बोलते हुए सरकार से भीलवाड़ा के कर्मचारी राज्य बीमा अस्पताल को केंद्र सरकार के अधीन कर्मचारी राज्य बीमा निगम को हस्तांतरित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे भीलवाड़ा के साथ-साथ चित्तौड़गढ़ जिले के बीमित श्रमिकों को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।
अस्पताल की वर्तमान स्थिति और श्रमिकों की आवश्यकता
विधायक कोठारी ने बताया कि भीलवाड़ा स्थित 50 शैय्या वाला राज्य कर्मचारी बीमा अस्पताल वर्तमान में यहां लंबे समय से अधिकांश विशेषज्ञ चिकित्सकों और आवश्यक स्टाफ के रिक्त पदों की हालत को देखते हुए श्रमिकों को अपेक्षित चिकित्सा सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने कहा कि "भीलवाड़ा एक प्रमुख औद्योगिक नगरी है, जहां विभिन्न उद्योगों में कार्यरत बीमित श्रमिकों की संख्या लगभग एक लाख है, जो राज्य में श्रमिकों की संख्या के हिसाब से पांचवें स्थान पर है।" यदि श्रमिकों के आश्रितों को भी शामिल किया जाए तो लाभार्थियों की संख्या लगभग 3 से 4 लाख तक पहुंच जाती है।
एमओयू और सरकारी प्रक्रिया पर जोर
कोठारी ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा अस्पताल को कर्मचारी राज्य बीमा निगम के अधीन लेने के लिए 29 सितंबर 2023 को राज्य सरकार के साथ एमओयू भी किया गया था, लेकिन इस दिशा में विशेष प्रगति नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में राज्य में डबल इंजन की सरकार है और सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाना है।
चिकित्सा मंत्री का सकारात्मक आश्वासन
इस पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने जवाब देते हुए कहा कि अप्रैल माह तक विशेषज्ञ चिकित्सकों के पदों पर भर्ती की जाएगी। मंत्री ने सदन को आश्वस्त किया कि "विशेषज्ञ चिकित्सों की नियुक्ति के बाद स्थानीय विधायक से सलाह-मशविरा कर अस्पताल को केंद्र सरकार के अधीन देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।"

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
