भीलवाड़ा: नाडी की जमीन से अतिक्रमण हटाने की शिकायत पर मारपीट, मामला दर्ज
सुभाषनगर में सरकारी नाडी भूमि पर कब्जे की शिकायत से खफा पड़ोसियों ने महिला और बुजुर्ग से की मारपीट, पुलिस जांच जारी।

भीलवाड़ा। सुभाषनगर थाना क्षेत्र में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने की शिकायत को लेकर रंजिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि शिकायत से नाराज आरोपी पक्ष ने एक परिवार के साथ मारपीट की, महिला से अभद्रता की, उसका मंगलसूत्र तोड़ दिया और 67 वर्षीय बुजुर्ग के साथ भी मारपीट की। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले के अनुसार, राजस्व ग्राम मलाण स्थित सरकारी नाडी भूमि, आराजी नंबर 380/1, 380/2 व 380 पर आरोपी पक्ष द्वारा अवैध कब्जा कर रखा था। इस अतिक्रमण की शिकायत के बाद जिला कलेक्टर और प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जा रही है। आरोप है कि इसी शिकायत से क्षुब्ध होकर आरोपी पक्ष पीड़ित परिवार से रंजिश रखने लगा।
पीड़िता मंजू त्रिपाठी (40) पत्नी दिनेश कुमार त्रिपाठी ने रिपोर्ट में बताया कि 7 सितंबर 2026 की सुबह करीब 6:15 बजे पड़ोस में रहने वाले मुख्य आरोपी कार्तिक जीनगर पुत्र अशोक कुमार जीनगर ने उनके देवर विधान त्रिपाठी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। पीड़िता और उनकी देवरानी आशा त्रिपाठी बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोप है कि कार्तिक ने पीड़िता का हाथ मरोड़कर उसका गला दबाया और मारपीट की। इस दौरान हुई छीनाझपटी में पीड़िता का मंगलसूत्र टूट गया।
शोर सुनकर आरोपी के पिता अशोक कुमार जीनगर, भाई लकी और मां भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि आरोपियों ने मारपीट करते हुए अपना पालतू कुत्ता पीड़ित परिवार पर छोड़ दिया। इसके साथ ही 67 वर्षीय सीनियर सिटीजन सीताराम त्रिपाठी का गला दबाकर उन्हें नाली में फेंक दिया। घटना के बाद आरोपियों ने पीड़ित परिवार को झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी भी दी।
सुभाषनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की अग्रिम जांच सहायक उप-निरीक्षक देवी लाल द्वारा की जा रही है। पुलिस की जांच में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने की शिकायत को लेकर शुरू हुए विवाद और मारपीट से जुड़े आरोपों की पड़ताल की जा रही है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
