भीलवाड़ा जिले के उपखंड क्षेत्र के धौड़ गांव में मंगलवार को MDR-419 सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक और पुलिस टीम का ग्रामीणों ने तीखा विरोध किया। मंदिर की धर्मशाला की दीवार हटाने की कार्रवाई के दौरान शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। ग्रामीणों की ओर से पथराव किए जाने के बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। घटना के दौरान पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, नेशनल हाईवे-758 स्थित देवा का खेड़ा से धौड़ होते हुए नेशनल हाईवे-148D तक लगभग 22 किलोमीटर लंबाई में MDR-419 सड़क के चौड़ीकरण का कार्य प्रगति पर है। इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना के सुचारू संचालन के लिए सड़क सीमा में आ रहे अवैध निर्माणों और अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को प्रशासनिक अमला धौड़ गांव पहुंचा, जहां स्थित एक मंदिर की धर्मशाला की दीवार हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। ग्रामीणों ने इस कार्रवाई का विरोध किया, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदिर की दीवार को हटाने को लेकर ग्रामीणों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई। समझाइश के प्रयास सफल नहीं हो सके और इसके बाद कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस एवं प्रशासनिक लवाजमे पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरातफरी और भगदड़ मच गई। कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए बेकाबू भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी ग्रामीण मौके से भागने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक रेवड़मल मौर्य अतिरिक्त जाप्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के समय मौके पर तहसीलदार रवि कुमार मीणा, एसआई देवराज सिंह सहित भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अमला मौजूद था।

पुलिस ने हिंसक झड़प और राजकार्य में बाधा डालने के आरोप में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो स्थानीय युवकों को मौके से डिटेन किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही वीडियो फुटेज के आधार पर पथराव करने वाले अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।

फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, हालांकि क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। प्रशासन और पुलिस की टीमें पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही हैं। घटना को लेकर उच्चाधिकारियों की विस्तृत आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story