भीलवाड़ा एलिवेटेड रोड परियोजना के लिए कार्यादेश जारी, ₹303 करोड़ की लागत प्रस्तावित
विधायक अशोक कोठारी के प्रयासों से गायत्री आश्रम से रिलायंस मॉल तक 2.49 किमी लंबी सड़क की डीपीआर सितंबर 2026 तक तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

भीलवाड़ा में गायत्री आश्रम से रिलायंस मॉल तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने का कार्यादेश जारी होने के बाद जानकारी देते विधायक अशोक कुमार कोठारी।
भीलवाड़ा में यातायात सुधार और शहरी विकास को नई दिशा देने वाली बहुप्रतीक्षित एलिवेटेड रोड परियोजना को लेकर महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज की गई है। भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी के लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप गायत्री आश्रम से रिलायंस मॉल तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने हेतु औपचारिक कार्यादेश जारी कर दिया गया है।
नगर विकास न्यास (यूआईटी) द्वारा जारी पत्र के अनुसार, इस परियोजना की डीपीआर तैयार करने का कार्य इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट्स (इंडिया) लिमिटेड (ईपीआईएल), नई दिल्ली को सौंपा गया है। परियोजना पर लगभग 303.48 करोड़ रुपये की लागत प्रस्तावित है। ईपीआईएल की 1.20 प्रतिशत परामर्श शुल्क की नेगोशिएटेड दर को राजस्थान सरकार के नगरीय विकास एवं आवासन विभाग द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
विधायक कोठारी ने बताया कि भीलवाड़ा में पहली बार इस स्तर की आधुनिक एलिवेटेड रोड परियोजना को भारत सरकार से संबंधित संस्था द्वारा तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2025 में ही फिजिबिलिटी रिपोर्ट स्वीकृत हो चुकी थी, जबकि राज्य सरकार के बजट प्रावधान के अनुरूप अब कार्यादेश जारी कर दिए गए हैं। डीपीआर को सितंबर 2026 तक पूर्ण कर प्रस्तुत किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने निर्देश दिए हैं कि ईपीआईएल द्वारा तैयार की जा रही डीपीआर का प्री-प्रेजेंटेशन आम नागरिकों के समक्ष भी प्रस्तुत किया जाए, ताकि जनसामान्य से सुझाव प्राप्त किए जा सकें और परियोजना को अधिक उपयोगी बनाया जा सके।
पूर्व में यह एलिवेटेड रोड रामधाम से गायत्री आश्रम तक प्रस्तावित थी, लेकिन केंद्र सरकार द्वारा रामधाम क्षेत्र में नए ओवरब्रिज की स्वीकृति मिलने के बाद योजना में संशोधन किया गया। अब यह परियोजना गायत्री आश्रम से रिलायंस मॉल तक 2.49 किलोमीटर लंबाई में विकसित की जाएगी, जबकि पूर्व प्रस्तावित लंबाई 2.95 किलोमीटर थी।
संशोधित योजना के अंतर्गत गायत्री आश्रम से रामधाम तक फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाएगा तथा ग्रेड सेपरेट सुविधा विकसित की जाएगी, जिससे यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित और सुगम हो सकेगी। इस योजना के तहत चार प्रमुख जंक्शन विकसित किए जाएंगे, जिनमें अजमेर चौराहा, सर्किट हाउस, गंगापुर तिराहा तथा ट्रैफिक थाने के सामने वीर तेजा सर्कल शामिल हैं। अजमेर चौराहा एवं रिलायंस मॉल जंक्शन पर चढ़ने और उतरने की सुविधा भी प्रस्तावित है।
यह परियोजना नगर विकास न्यास (यूआईटी) की देखरेख में आगे बढ़ाई जा रही है। निर्माण कार्य प्रारंभ करने का लक्ष्य सितंबर 2026 के अंत तक रखा गया है, जो सभी तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृतियों के पूर्ण होने के बाद शुरू होगा।
विधायक कोठारी ने कहा कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना भीलवाड़ा शहर की बढ़ती आबादी और वाहनों के दबाव को देखते हुए यातायात व्यवस्था में मील का पत्थर साबित होगी तथा आवागमन को तेज, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
