भीलवाड़ा: हलेड़ गांव में चार्जिंग के दौरान इलेक्ट्रिक स्कूटी में विस्फोट से घर में आग
भीलवाड़ा के हलेड़ गांव में शॉर्ट सर्किट के कारण स्कूटी में धमाका हुआ, जिससे भीमराज आचार्य के मकान में रखा 10 लाख का सामान जलकर खाक हो गया।

भीलवाड़ा के हलेड़ गांव में मंगलवार देर रात चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रिक स्कूटी में शॉर्ट सर्किट से लगी आग के बाद क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल और घर का मलबा।
भीलवाड़ा के निकट हलेड़ गांव में आधी रात को एक भयावह हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया, जब चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रिक स्कूटी अचानक धमाके के साथ आग का गोला बन गई और देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण अग्निकांड में पीड़ित परिवार का लगभग सारा सामान जलकर राख हो गया और करीब 10 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, हलेड़ निवासी भीमराज आचार्य के मकान में रात करीब 3 बजे इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्जिंग पर लगी हुई थी। इसी दौरान स्कूटी में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे उसमें भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही पलों में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर में फैल गई। धमाके की आवाज और उठती लपटों से मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार गूंज उठी।
इस दर्दनाक हादसे में घर में रखा कीमती सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। आग की भेंट चढ़े सामान में एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल, बड़ी मात्रा में गेहूं, घरेलू आटा चक्की, एलसीडी, टीवी, कुलर, पंखे तथा लोहे की आलमारी सहित उसमें रखा समस्त सामान शामिल है। आग इतनी भीषण थी कि मकान की छत की पट्टियां तक चटक गईं, जिससे भवन को भी गंभीर क्षति पहुंची।
ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक मकान का अधिकांश हिस्सा जल चुका था। पीड़ित भीमराज आचार्य के अनुसार, इस अग्निकांड में उन्हें लगभग 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
यह घटना इलेक्ट्रिक उपकरणों की सुरक्षा और सावधानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है, जहां एक छोटी सी चूक ने पूरे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा दिया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
