भीलवाड़ा। बदनौर थाना क्षेत्र के चैनपुरा गांव में 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या कर जेवरात लूटने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज छह घंटे में खुलासा करते हुए दो संदिग्ध आरोपियों दिलीप और आकाश को दबोच लिया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर दोनों तक पहुंच बनाई। पूछताछ में दोनों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया है।

12 अगस्त की सुबह चौनपुरा निवासी राजूलाल रेगर ने बदनौर थाने में रिपोर्ट दी कि उनकी बड़ी मां सीता देवी पत्नी स्व. लालूराम, उम्र 72 वर्ष, घर में अकेली रहती थीं। सुबह काफी देर तक सीता देवी घर से बाहर नहीं निकलीं तो परिजनों ने अंदर जाकर देखा। सीता देवी खाट पर मृत पड़ी थीं।

मौके पर परिजनों ने देखा कि महिला के गले से सोने का मांदलिया, कमर से चांदी का कंदोरा तथा पैरों से चांदी के कड़े और जोड़ गायब थे। घर में टूटी चूड़ियां और बिखरा सामान भी मिला।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनियां ने घटनास्थल का जायजा लिया। एफएसएल, एमओबी और डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाकर बारीकी से साक्ष्य जुटाए गए।

इसके बाद वृत्ताधिकारी मसूदा शिवराज सिंह और वृत्ताधिकारी ब्यावर राजेश कसाना के नेतृत्व में बदनौर, मसूदा, विजयनगर थाना पुलिस, डीएसटी और साइबर सेल की विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गोपनीय सूचनाओं को जोड़ते हुए संदिग्ध दिलीप और आकाश तक पहुंच बनाई। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।

अब पुलिस दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर लूटे गए जेवरात की बरामदगी और वारदात के पूरे घटनाक्रम को लेकर गहन पूछताछ करेगी।

कार्रवाई में बदनौर थानाधिकारी शंभुदयाल मीणा, विजयनगर थानाधिकारी राजवीर सिंह, डीएसटी ब्यावर प्रभारी राजदीपेन्द्र सिंह, मसूदा थानाधिकारी विजय सिंह, साइबर सेल के पवन सिंह, रामचन्द्र, इन्द्रजीत सिंह, रामजस मीणा, जितेन्द्र सिंह, भवानी सिंह, सुरेन्द्र सिंह, विजय एमओबी शाखा, बलवीर सिंह, विजेन्द्र सिंह, नैना सिंह, सुनील कुमार, बनवारी, वीरेन्द्र, विजय और अजरूदिन सहित पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।

चैनपुरा गांव में हुई बुजुर्ग महिला की हत्या और जेवरात लूट की वारदात का छह घंटे में खुलासा कर पुलिस ने दोनों संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया है। अब पुलिस की कार्रवाई लूटे गए जेवरात की बरामदगी और वारदात से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जांच पर केंद्रित रहेगी।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story