शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला को झांसे में लेकर उसके कान के सोने के झुमके ठग लिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ठग महिला ने स्वयं को योजनाओं से जुड़ा बताते हुए ‘मोदी जी द्वारा दिए जा रहे पैसों’ का लालच देकर बुजुर्ग को अपने जाल में फंसाया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार आजाद चौक निवासी लाडदेवी पत्नी भंवरलाल चोरडिय़ा सुबह करीब 11:30 बजे सांगानेरी गेट स्थित गोपाल गोशाला में गायों को चारा डालने गई थीं। इसी दौरान उन्हें सलवार-सूट पहने एक अज्ञात महिला मिली, जिसने अपना मोबाइल गुम होने की बात कही। इस बहाने वह बुजुर्ग लाडदेवी के साथ टेम्पो में बैठकर उनके घर तक पहुंच गई, जहां कथित रूप से उसका मोबाइल भी मिल गया।

घर पहुंचने के बाद शातिर ठग महिला ने बुजुर्ग से पूछा कि “मोदी जी जो पैसे दे रहे हैं, वो आप लेते हो या नहीं?” जब बुजुर्ग ने इनकार किया तो उसने कहा कि अमीर लोग भी यह पैसा लेकर दान-पुण्य कर रहे हैं। इसी झांसे में लेकर उसने बुजुर्ग महिला को सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर दबाव बनाया और उनके कान के सोने के झुमके/लटकन खुलवा दिए। बुजुर्ग महिला ने वे झुमके कमरे में दरी के नीचे छुपाकर रख दिए।

इसके बाद आरोपी महिला उन्हें पैसे दिलवाने के बहाने दोबारा टेम्पो से रामसनेही अस्पताल के सामने स्थित अनाज की दुकान पर ले गई और वहां छोड़कर फरार हो गई। उसने कहा कि “मैं अभी आती हूं, पैसे यहीं से मिलेंगे।” करीब आधे घंटे तक वापस नहीं लौटने पर बुजुर्ग को संदेह हुआ और वह घर लौट आईं। घर पहुंचने पर दरी के नीचे रखे सोने के झुमके गायब मिले, जिसके बाद ठगी का खुलासा हुआ।

इस मामले में बुजुर्ग महिला के दामाद सुनील कुमार जैन, निवासी पंसारी बाजार बड़ा मंदिर, ने कोतवाली थाने में लिखित रिपोर्ट पेश की। कोतवाली थानाधिकारी हनुमान सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। जांच एएसआई अशोक कुमार स्वर्णकार को सौंपी गई है और पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी महिला की तलाश में जुटी है।

पुलिस और प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के झांसे में न आएं और सरकारी योजनाओं के नाम पर गहने उतरवाने या पैसे मांगने जैसी संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना पुलिस को दें। यह घटना एक बार फिर बुजुर्गों की सुरक्षा और जागरूकता की आवश्यकता को रेखांकित करती है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story