भीलवाड़ा जिले में रिश्तों को कलंकित करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग विधवा महिला को मुफ्त इलाज का झांसा देकर उसकी करोड़ों रुपये मूल्य की कृषि भूमि और रिहायशी प्लॉट धोखाधड़ी से अपने नाम करवा लिए गए। अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला बलाईखेड़ा (कारोई) निवासी 63 वर्षीय विधवा सोहनी बाई पत्नी स्वर्गीय माधु बलाई से जुड़ा है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उनकी ननद अणछी देवी और ननद के पति मदन लाल ने सेवा-चाकरी के बहाने उनका विश्वास जीता और बाद में गंभीर बीमारी के दौरान उन्हें इलाज कराने के नाम पर भीलवाड़ा ले गए। मार्च 2024 में कथित रूप से बिगड़ी तबीयत के दौरान उन्हें “सरकारी योजना में मुफ्त इलाज” का झांसा देकर दस्तावेजों पर अंगूठे के निशान लिए गए और फोटो भी खिंचवाई गई।

पीड़िता के अनुसार, बाद में उनके नाम पर दर्ज ग्राम रायंडा स्थित कृषि भूमि बिना किसी प्रतिफल के ननद अणछी देवी के नाम ट्रांसफर कर दी गई। इसके साथ ही 1110 वर्ग फीट का आबादी प्लॉट भी कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर उनके बेटे संतोष कुमार के नाम रजिस्टर्ड कर दिया गया, जिसमें कालू बलाई को गवाह बनाया गया। आरोप है कि इस पूरी साजिश में मदन लाल, डालू लाल और उदराम भी शामिल थे।

जब पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर धमकी देते हुए कहा कि जमीन अब उनके नाम हो चुकी है और कुछ नहीं किया जा सकता। इसके बाद सोहनी बाई ने पहले स्थानीय थाना पुलिस, फिर 7 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक और 28 अप्रैल 2026 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर उन्होंने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (ACJM) गंगापुर की अदालत में धारा 175(3) BNSS के तहत इस्तगासा दायर किया।

अदालत के आदेश के बाद 11 जून 2026 को मामला कारोई थाना पुलिस को भेजा गया, जिसके बाद अणछी देवी, मदन लाल, डालू लाल, उदराम, संतोष कुमार और कालू बलाई के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी महावीर प्रसाद ने जांच अपने हाथ में लेते हुए राजस्व रिकॉर्ड और रजिस्ट्री दस्तावेज जब्त कर लिए हैं और मामले की गहन जांच जारी है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story