भीलवाड़ा जिले के पारोली थाना क्षेत्र से बुजुर्ग उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम पारोली (कोटड़ी तहसील) निवासी 77 वर्षीय उदय लाल सुथार ने अपने ही सगे बेटे देवकिशन सुथार और बहू सदू देवी पर मारपीट करने, घर व संपत्ति से बेदखल करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस संबंध में जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) को प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय और जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

शिकायतकर्ता उदय लाल सुथार ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनके पुत्र देवकिशन सुथार और उसकी पत्नी सदू देवी ने मिलकर उनके साथ लाठी-डंडों, लात-घूसों से बेरहमी से मारपीट की। उनका कहना है कि पूर्व में हुई मारपीट के कारण उनकी दाहिनी आंख की रोशनी पूरी तरह जा चुकी है और उनके सिर में टांके भी आए थे।

पीड़ित के अनुसार, 12 जून 2026 को जब वह अपने दूसरे घर गए तो बेटे और बहू ने उनके साथ गाली-गलौज की, गला दबाने का प्रयास किया और धक्का देकर नीचे गिरा दिया। किसी तरह जान बचाकर वह पारोली थाने पहुंचे, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिस ने शुरुआत में मामले को टालने का प्रयास किया। इसके बाद आरोपी बेटे ने उन्हें उनके मुख्य मकान से भी धक्के मारकर बाहर निकाल दिया और मकान पर ताला लगा दिया।

उदय लाल सुथार ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे और बहू ने उनकी जमीन, मकान, आरा मशीन और वृद्धावस्था पेंशन के पैसे तक अपने कब्जे में ले लिए हैं। उनका कहना है कि वह वर्तमान में बेघर होकर दाने-दाने को मोहताज हैं। पीड़ित के अनुसार, उन्होंने 15 जून 2026 को भी पुलिस को रिपोर्ट दी थी, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।

शिकायत पत्र में उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि 13 जुलाई 2026 को पारोली थाने में आए नए थानाधिकारी का आरोपियों ने स्वागत किया और उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर समाज में अपना प्रभाव दिखाने का प्रयास किया, जिससे वह स्वयं को भयभीत महसूस कर रहे हैं।

लगातार मिल रही धमकियों के बीच उदय लाल सुथार ने 14 जुलाई 2026 को दोबारा जिला पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रार्थना पत्र देकर आरोपी पुत्र देवकिशन सुथार और बहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने उन्हें उनके घर में दोबारा रहने की व्यवस्था कराने और उनकी जान-माल की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी गुहार लगाई है। अब यह मामला पुलिस प्रशासन के समक्ष है और पीड़ित अपनी शिकायत पर कार्रवाई की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story