भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने रूह कंपा देने वाली दरिंदगी की सारी हदें पार कर दी हैं। यहाँ एक ई-रिक्शा चालक का फिल्मी अंदाज में अपहरण करने के बाद उसे बंधक बनाकर न केवल बेरहमी से पीटा गया, बल्कि उसे नग्न कर पेशाब पिलाने जैसी घिनौनी और अमानवीय हरकत को अंजाम दिया गया।

इस खौफनाक घटनाक्रम की शुरुआत 3 अगस्त 2025 को हुई। मूल रूप से गोराजी का निम्बाहेड़ा, चित्तौडग़ढ़ निवासी और वर्तमान में जयपुर में ई-रिक्शा चलाने वाले पीड़ित सीताराम तेली ने भीलवाड़ा पुलिस अधीक्षक को सौंपी अपनी रिपोर्ट में आपबीती सुनाई है। सीताराम के अनुसार, समाज के ही कुछ परिचित लोगों ने उसे 'समाज के लोग आए हैं' का झांसा देकर जयपुर स्थित एसएमएस अस्पताल के गेट नंबर 1 पर बुलाया। वहां मौजूद 6 लोग उसे चाय-नाश्ते के बहाने फुसलाकर अपनी गाड़ी में बैठाकर जयपुर से दूर ले गए।

आरोपियों ने अपहरण के बाद सीताराम को आसींद ले जाकर एक पेड़ से बांध दिया। रात के अंधेरे में हैवानियत का नंगा नाच करते हुए दरिंदों ने पीड़ित को निर्वस्त्र किया और उसके प्राइवेट पार्ट पर मिर्ची डाल दी। क्रूरता यहीं नहीं थमी; आरोपियों ने उसे जबरन यूरिन पिलाया और चाकू की नोक पर मनमाफिक बयान दिलवाते हुए इस पूरी घिनौनी करतूत का वीडियो भी बनाया। इस दौरान आरोपियों ने पीड़ित के साथ लूटपाट भी की। वारदात के बाद आरोपियों ने सीताराम का मोबाइल छीनकर उसके व्हाट्सएप ग्रुपों पर कब्जा कर लिया और अब वे नग्न वीडियो व फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर फिरौती के रूप में रुपयों की मांग कर रहे हैं।

पीड़ित सीताराम का आरोप है कि उसने पूर्व में समाज के भीतर व्याप्त अफीम और अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ आवाज उठाई थी, जिसके चलते पुरानी रंजिश के तहत उसे यह खौफनाक तालिबानी सजा दी गई है। मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि घटना के तत्काल बाद पीड़ित के मित्र द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। पुलिस की इसी सुस्ती का फायदा उठाकर हौसलाबुलंद आरोपियों ने पीड़ित की कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर दी हैं। वर्तमान में न्याय की गुहार लगाते हुए पीड़ित ने भीलवाड़ा एसपी से गुहार लगाई है कि आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर कठोरतम कानूनी सजा दी जाए।

Next Story