भीलवाड़ा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत माण्डलगढ़ पुलिस और जिला विशेष टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक स्विफ्ट कार से करीब 14.720 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को डीएसटी प्रभारी को सूचना मिली कि एक ग्रे रंग की स्विफ्ट कार में संदिग्ध व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर काटून्दा मोड़ से लाडपुरा की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने श्रीजी पेट्रोल पंप, रात्याखेड़ा के पास नाकाबंदी शुरू की। इसी दौरान सामने से आती स्विफ्ट कार के चालक ने पुलिस को देखकर गाड़ी यू-टर्न लेकर भागने का प्रयास किया।

पुलिस जाब्ते ने मुस्तैदी दिखाते हुए कार का पीछा किया और रामपुरिया धाकड़खेड़ी रोड पर उसे रुकवा लिया। कार सवार व्यक्ति ने अपना नाम रतन लाल मीणा (33) पुत्र गोपीलाल मीणा निवासी शिवपुरा, थाना पारसोली चित्तौड़गढ़ बताया। जब कार की तलाशी ली गई, तो उसमें रखे काले रंग के कट्टे से 14.720 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ।

पुलिस ने अवैध डोडा चूरा और तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को जब्त कर आरोपी रतन लाल मीणा को गिरफ्तार कर लिया है। माण्डलगढ़ थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि तस्कर यह खेप कहाँ से लाया था और इसकी सप्लाई कहाँ की जानी थी। इस पूरी कार्रवाई में माण्डलगढ़ थाना पुलिस और डीएसटी टीम के सदस्यों की विशेष भूमिका रही।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story