भीलवाड़ा में डोडा-चूरा तस्करी का फरार आरोपी मालपुरा जेल से गिरफ्तार
कोटड़ी चौराहा मामले में फरार आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर रिमांड पर पूछताछ शुरू हुई, जिससे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जुड़ने की उम्मीद है।

भीलवाड़ा में डोडा-चूरा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े एक फरार आरोपी को सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी तस्कर को भीलवाड़ा पार कराने और उसे डोडा-चूरा की सप्लाई देने के लिए साथ आया था, लेकिन पुलिस की कार्रवाई देखकर मौके से फरार हो गया था। करीब एक साल से उसकी तलाश कर रही पुलिस ने अब मालपुरा जेल से उसे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर लिया है।
सदर थाना प्रभारी प्रहलाद सहाय ने बताया कि 22 मार्च 2025 को कोटड़ी चौराहा क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक कार से डोडा-चूरा से भरे दो कट्टे बरामद किए थे। इस दौरान कार चालक को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि सुठाला, भैंसरोड़गढ़ निवासी गोपाल सिंह पुत्र देवी सिंह राजपूत पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया था।
कार्रवाई के बाद गिरफ्तार चालक से पूछताछ की गई तो तस्करी नेटवर्क में गोपाल सिंह की भूमिका सामने आई। चालक ने पुलिस को बताया कि डोडा-चूरा की सप्लाई गोपाल सिंह ने ही की थी। वह उसे भीलवाड़ा पार कराने के लिए चित्तौड़गढ़ से कार में सवार होकर साथ आया था। इसी दौरान पुलिस की कार्रवाई देखकर वह मौके से भाग निकला।
इस खुलासे के बाद से ही सदर थाना पुलिस गोपाल सिंह की तलाश में जुटी थी। इसी बीच उसके मालपुरा जेल में बंद होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट के तहत उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर डोडा-चूरा तस्करी के नेटवर्क, सप्लाई और इसमें जुड़े अन्य पहलुओं के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपी को रविवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से फरार चल रहे तस्करी नेटवर्क के कथित सप्लायर से पूछताछ का रास्ता खुला है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
