भीलवाड़ा जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ रायला थाना पुलिस की कार्रवाई लगातार तीसरे दिन भी जारी रही। बुधवार को थाने के बाहर भीलवाड़ा-अजमेर हाईवे पर की गई नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक स्विफ्ट कार से 44 किलो 270 ग्राम डोडा-चूरा बरामद किया। पुलिस ने मौके से जैसलमेर निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

थाना प्रभारी घनश्यामसिंह मीणा ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से संदिग्ध कार में मादक पदार्थ ले जाए जाने की पुख्ता सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर बुधवार को थाने के ठीक सामने भीलवाड़ा-अजमेर हाईवे पर सघन नाकाबंदी की गई। इस दौरान भीलवाड़ा की ओर से आ रही एक स्विफ्ट कार को पुलिस ने रुकवाकर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान कार के अंदर दो प्लास्टिक के कट्टों में भरा डोडा-चूरा मिला। वजन करवाने पर बरामद मादक पदार्थ की कुल मात्रा 44 किलो 270 ग्राम पाई गई। पुलिस ने डोडा-चूरे के साथ तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया।

कार सवार ईश्वर सिंह (23) पुत्र माधवसिंह राजपूत, निवासी अवामा, जिला जैसलमेर को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में अग्रिम अनुसंधान गुलाबपुरा थाना प्रभारी संजय गुर्जर को सौंपा गया है।

रायला थाना पुलिस की पिछले तीन दिनों में मादक पदार्थों के खिलाफ यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले पिछले दो दिनों में पुलिस ने बस में अवैध डोडा-चूरा परिवहन कर रहे दो तस्करों को गिरफ्तार किया था। वहीं, एक अन्य कार्रवाई में स्मैक के साथ एक युवक को भी गिरफ्तार किया गया था। लगातार तीन दिनों में हुई इन कार्रवाइयों के बीच बुधवार को 44 किलो 270 ग्राम डोडा-चूरा की बरामदगी और जैसलमेर के आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस की कार्रवाई का प्रमुख हिस्सा रही।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story