भीलवाड़ा: प्रताड़ना से तंग आकर डॉक्टर ने जहर खाया, वीडियो में लगाए गंभीर आरोप
उदयपुर के डॉक्टर रवि वर्मा ने डॉ. हेमंत खज्जा और महेश काबरा पर धोखाधड़ी और धमकियों का आरोप लगाते हुए वीडियो जारी किया, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

राजस्थान के भीलवाड़ा शहर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ प्रताड़ना और आर्थिक तंगी से तंग आकर एक चिकित्सक ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर अपनी जीवनलीला समाप्त करने का प्रयास किया। उदयपुर के हिरण मंगरी (सेक्टर 5) निवासी पीड़ित डॉक्टर रवि वर्मा ने आत्मघाती कदम उठाने से पूर्व एक भावुक वीडियो संदेश जारी किया, जिसे सुसाइड नोट के तौर पर देखा जा रहा है। इस वीडियो में उन्होंने भीलवाड़ा के ही डॉ. हेमंत खज्जा और महेश काबरा पर धोखाधड़ी, आर्थिक शोषण और निरंतर धमकियां देने के सीधे व गंभीर आरोप मढ़े हैं।
डॉक्टर रवि वर्मा ने अपने वीडियो बयान में आपबीती सुनाते हुए बताया कि डॉ. हेमंत खज्जा ने उनके साथ विश्वासघात कर उनकी गाड़ी गिरवी रखवा दी, वहीं महेश काबरा ने लोन दिलाने के बहाने फर्जीवाड़ा करते हुए उनके लाखों रुपये हड़प लिए। पिछले 8 महीनों से वेतन न मिलने और बैंक की ईएमआई बाउंस होने के कारण वे गहरे मानसिक अवसाद और भारी आर्थिक दबाव में थे। भीलवाड़ा के सुभाषनगर थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में कार्यरत डॉ. वर्मा ने बताया कि आरोपियों की धमकियों और सुनवाई न होने के कारण वे भीतर से पूरी तरह टूट चुके थे।
इस घटना का खुलासा तब हुआ जब एडवोकेट विकास व्यास ने सुबह डॉ. वर्मा का व्हाट्सएप वीडियो देखा। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए व्यास तत्काल मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ फिलहाल उनका उपचार किया जा रहा है। एडवोकेट व्यास के अनुसार, पीड़ित ने पूर्व में सुभाष नगर थाने और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी गुहार लगाई थी, परंतु उचित कार्यवाही न होने से आहत होकर उन्होंने यह कदम उठाया। मामले की सूचना मिलते ही सुभाषनगर थाने के एएसआई ओमप्रकाश सैन ने अस्पताल पहुंचकर चिकित्सक के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला पंजीकृत कर लिया है और घटना के हर पहलू की गहनता से जांच शुरू कर दी है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
