भीलवाड़ा दीपावली सजावट प्रतियोगिता में नेताजी सुभाष मार्केट अव्वल
जिला यूनेस्को एसोसिएशन व जवाहर फाउंडेशन की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में शहर के बाजारों और सर्कलों को किया गया सम्मानित।

भीलवाड़ा में यूनेस्को एसोसिएशन द्वारा आयोजित दीपावली सजावट प्रतियोगिता के विजेता बाजार और सदस्य।
भीलवाड़ा, 10 नवम्बर। दीपावली पर रोशनी, आकर्षक सजावट और सामूहिक सहभागिता के जरिए शहर की सुंदरता में चार चांद लगाने वाले बाजारों और सार्वजनिक स्थलों को यूनेस्को द्वारा आयोजित दीपावली सजावट प्रतियोगिता-2026 में सम्मानित किया जाएगा। जिला यूनेस्को एसोसिएशन एवं जवाहर फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में सामूहिक बाजार सजावट के लिए नेताजी सुभाष मार्केट ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि सदर बाजार को द्वितीय पुरस्कार के लिए चुना गया। सार्वजनिक सर्कल सजावट में सूचना केन्द्र चौराहा प्रथम स्थान पर रहा।
प्रदेश संयोजक गोपाललाल माली ने बताया कि प्रतियोगिता के तहत शहर के श्रेष्ठ बाजारों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक सर्कलों का चयन करने के लिए जिला यूनेस्को एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश जैन की अध्यक्षता में निर्णायक मंडल गठित किया गया था। इसमें पूर्व अध्यक्ष चेतन मानसिंहका, मधु लोढ़ा, हरनारायण माली, विशाल विजयवर्गीय, कमलेश जाजू, राधा अग्रवाल और साधना मेलाना सदस्य के रूप में शामिल रहे।
निर्णायक मंडल ने सामूहिक बाजार सजावट में लाल बहादुर शास्त्री मार्केट को तीसरा स्थान प्रदान किया। व्यक्तिगत सजावट श्रेणी में पुर रोड स्थित संदीप बजाज चौराहे के स्वागत द्वार की सजावट के लिए राजस्थान टेंट हाउस को प्रथम पुरस्कार के लिए चुना गया। महाराणी मार्केट स्थित आर.आर. आर्नामेंट को स्वागत द्वार और राम दरबार की झांकी की सजावट के लिए द्वितीय स्थान मिला। वहीं मजदूर चौराहे स्थित स्वागत द्वार की सजावट के लिए मानवी टेंट हाउस को तीसरा स्थान दिया गया। विशेष पुरस्कार लक्ष्मी विला बागड़ एस को प्रदान किया जाएगा।
सार्वजनिक सर्कल सजावट की श्रेणी में गोल प्याऊ चौराहे को द्वितीय और राजीव गांधी चौराहे को तृतीय पुरस्कार के लिए चुना गया। व्यक्तिगत सजावट में होटल रॉयल एम्बेसी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
प्रतियोगिता के तहत निर्णायक कमेटी ने 06 नवम्बर से 09 नवम्बर तक शहर के विभिन्न बाजारों, सार्वजनिक सर्कलों और व्यक्तिगत सजावट का अवलोकन किया। इसी निरीक्षण के आधार पर निर्णायक मंडल ने विजेताओं का चयन किया।
भीलवाड़ा जिला यूनेस्को एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित अग्रवाल एवं सचिव जगदीश चन्द्र मून्दड़ा ने बताया कि निर्णायक मंडल की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार सभी विजेताओं को आगामी कार्यक्रम में ट्रॉफी और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता के माध्यम से दीपावली पर सामूहिक बाजार सजावट, व्यक्तिगत प्रतिष्ठानों की साज-सज्जा और सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक बनाने में योगदान देने वालों को सम्मानित किया जाएगा।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
