भीलवाड़ा में सड़कों पर बढ़ती अव्यवस्था और लगातार हो रहे सड़क हादसों को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू की अध्यक्षता में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए।

बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियन्ता एवं समिति के सदस्य सचिव भैरूलाल रेगर ने अनुपालना रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके बाद जिला कलक्टर ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बैठक में एनएचएआई (अजमेर) के अधीन किशनगढ़-गुलाबपुरा (NH-48) तथा भीम-गुलाबपुरा (NH-148) मार्ग पर संचालित शराब की दुकानों का तत्काल सर्वे कराने के निर्देश आबकारी विभाग को दिए गए। सर्वे के बाद हाईवे किनारे स्थित शराब की दुकानों को हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिए गए कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के वाहन चलाते पाए जाने पर सीधे चालान किए जाएं। साथ ही स्कूल संचालकों को अभिभावकों के साथ बैठक आयोजित कर उन्हें जागरूक करने के लिए कहा गया। स्कूल बसों और वैन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने की स्थिति में भी कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों तथा नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई के आदेश जारी किए गए। एनएचएआई और आरएसआरडीसी के साथ संयुक्त रूप से गश्त बढ़ाई जाएगी, नियम उल्लंघन करने वालों के चालान किए जाएंगे और उनके ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे।

शहर के प्रमुख चौराहों पर यातायात बाधित करने वाले अस्थायी और स्थायी अतिक्रमणों को हटाने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही सड़कों पर घूम रहे लावारिस पशुओं को पकड़कर तत्काल सरकारी काइन हाउस भेजने के आदेश जारी किए गए, ताकि यातायात सुचारु बनाया जा सके।

बैठक में अजमेर चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल की टाइमिंग को दुरुस्त करने, जेब्रा क्रॉसिंग, रंबल स्ट्रिप, लेन मार्किंग और लेफ्ट साइड डिवाइडर सहित आवश्यक यातायात सुधार कार्यों के लिए संयुक्त निरीक्षण कराने तथा रंग-रोगन और सफाई का कार्य युद्ध स्तर पर पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।

रात्रिकालीन सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, अर्थमूवर्स तथा खनिज परिवहन में लगे वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाना अनिवार्य किया गया है, ताकि अंधेरे में उनकी स्पष्ट पहचान हो सके।

बैठक में 'गुड सेमिरिटन' योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की सहायता करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए आजाद चौक, अहिंसा सर्किल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, आपातकालीन चिकित्सालय कक्ष और कलेक्ट्रेट सहित प्रमुख स्थानों पर बैनर-पोस्टर लगाने तथा नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी निर्देशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित की जाएगी और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story