भीलवाड़ा: 70वीं जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता शुरू, 161 खिलाड़ी दिखाएंगे दम
माणकनगर राजकीय विद्यालय में चार दिवसीय आयोजन की शुरुआत, 53 छात्राएं और 108 छात्र पहलवान ले रहे हैं हिस्सा।

तस्वीर में मां सरस्वती के चित्र के समीप खड़े अतिथि और आयोजक दिख रहे हैं।
गंगापुर-भीलवाड़ा। माणकनगर स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में 70वीं जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता (14 वर्ष आयु वर्ग) का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ खिलाड़ियों, ग्रामीणों और आयोजन समिति में उत्साह नजर आया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों ने मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता की शुरुआत की।
आयोजक विद्यालय के प्रधानाध्यापक शंकर लाल रेगर ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहाड़ा विधायक लादू लाल पितलिया रहे। अध्यक्षता मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी नरोत्तम दाधीच ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में प्रशासक डेलाना धर्मचंद भील, समाजसेवी राकेश कुमार शर्मा, सुरेश चौधरी, कैलाशचंद्र कचौलिया, बालमुकुंद दाधीच, रमेशचन्द्र वैष्णव, प्रकाश पिछौलिया एवं प्रकाशचन्द्र बंजारा मौजूद रहे। विभागीय प्रतिनिधि के रूप में नवरतन सेन उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता को लेकर माणकनगर, माल का खेड़ा और हेमाखेड़ा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी उत्साह रहा। ग्रामीण प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक गिरिराज विश्नोई ने बताया कि जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में कुल 161 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इनमें 53 छात्राएं और 108 छात्र शामिल हैं। खिलाड़ी अलग-अलग मुकाबलों में अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन करेंगे।
पीईईओ डेलाना भवानीशंकर भट्ट ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि प्रतियोगिता चार दिनों तक चलेगी। प्रतियोगिता का समापन समारोह 26 सितंबर को आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सहाड़ा नरोत्तम दाधीच ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने की भावना विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
आयोजन समिति की ओर से बाहर से आए खिलाड़ियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। विद्यालय परिवार और आयोजन समिति के सदस्य प्रतियोगिता को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
कार्यक्रम का संचालन गोपाल मूमल एवं बहादुर बंजारा ने किया। उद्घाटन समारोह में विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, ग्रामीणजन, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।

