केंद्र और राज्य सरकार की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और महत्वपूर्ण उपलब्धियों को एक मंच पर प्रदर्शित करने वाली जिला स्तरीय प्रदर्शनी का शनिवार को भीलवाड़ा में भव्य शुभारंभ हुआ। नगर निगम स्थित महाराणा प्रताप सभागार में आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने फीता काटकर किया।

“12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” थीम पर आधारित यह प्रदर्शनी 14 जून 2026 तक आमजन के अवलोकन के लिए खुली रहेगी। जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रदर्शनी में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा बीते वर्षों में किए गए विकासात्मक कार्यों, आधारभूत संरचना के विस्तार तथा जनहित से जुड़े निर्णयों को आकर्षक चित्रों और सूचनात्मक पैनलों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।

उद्घाटन के पश्चात राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने इसे नागरिकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान करने और अधिकाधिक लोगों को उनसे लाभान्वित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत सहित कृषि, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा अन्य प्रमुख क्षेत्रों में संचालित योजनाओं और नवाचारों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है। इसका उद्देश्य आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास कार्यों से सीधे जोड़ना है।

इस अवसर पर शहर विधायक अशोक कोठारी, जनप्रतिनिधि प्रशांत मेवाड़ा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी चंद्रभान सिंह भाटी, जनसंपर्क अधिकारी रवींद्र वैष्णव, अविनाश जीनगर, कुलदीप शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

यह प्रदर्शनी न केवल सरकार की विकास यात्रा को रेखांकित करती है, बल्कि नागरिकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें सरकारी सुविधाओं और अवसरों से जोड़ने का भी सशक्त माध्यम बन रही है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story