भीलवाड़ा। जिला एवं सेशन न्यायाधीश अभय जैन के अचानक जिला कारागृह पहुँचने से जेल प्रशासन में हलचल मच गई। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के एक्शन प्लान के तहत किए गए इस औचक निरीक्षण में उन्होंने जेल की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण कर कमियों को तत्काल सुधारने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला जज ने सीधे पुरुष बंदी बैरकों का रुख किया और वहां साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जेल प्रशासन को स्वच्छता बनाए रखने के स्पष्ट निर्देश दिए। कैदियों से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि जिन बंदियों के पास पैरवी के लिए वकील नहीं है, वे तुरंत नि:शुल्क विधिक सहायता के लिए आवेदन करें। साथ ही उन्होंने जेल अधीक्षक को निर्देशित किया कि कोई भी बंदी कानूनी मदद से वंचित नहीं रहना चाहिए।

जिला जज अभय जैन ने जेल की रसोई में पहुंचकर बंदियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की स्वयं जांच की। उन्होंने भोजन व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने जेल अधीक्षक शैलेंद्र सिंह फौजदार और जेल चिकित्सक से बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि कैदियों की स्वास्थ्य संबंधी शिकायतों का समाधान तुरंत किया जाए और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं होगी।

निरीक्षण के दौरान जेलर हेमंत, निर्मल दुग्गड, मनोज व्यास सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। यह औचक निरीक्षण जेल प्रशासन के लिए जवाबदेही सुनिश्चित करने और बंदियों के अधिकारों की रक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story