पंचायती राज विभाग के अंतर्गत जिला परिषद भीलवाड़ा में कार्यरत मंत्रालयिक कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों के समर्थन में प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत बुधवार दोपहर बाद सामूहिक ‘पेन डाउन’ हड़ताल शुरू कर दी, जिसके चलते जिला परिषद, पंचायत समितियों और ग्राम पंचायत स्तर पर प्रशासनिक कार्य पूरी तरह बाधित हो गए और पूरा कामकाज ठप हो गया।

जिला परिषद मंत्रालयिक कर्मचारी संगठन के जिलाध्यक्ष शोभा लाल तेली ने बताया कि विभाग के मंत्रालयिक कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर लंबे समय से आंदोलनरत हैं, जो 1 जून से राज्यव्यापी स्तर पर निरंतर जारी है। आंदोलन के तीसरे चरण के तहत बुधवार को दोपहर बाद जिले की सभी ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों और जिला परिषद स्तर के कार्यालयों में कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से पेन डाउन करते हुए कार्य बहिष्कार किया।

हड़ताल के कारण विभिन्न कार्यालयों में प्रशासनिक गतिविधियां पूरी तरह रुक गईं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों को अपने कार्यों के निस्तारण में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कर्मचारियों ने एकजुटता दिखाते हुए सरकार के खिलाफ अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।

कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में स्वतंत्र कार्य विभाजन, कैडर रिव्यू, नोशनल परिलाभ, अंतर-जिला स्थानांतरण नीति का क्रियान्वयन, हार्ड ड्यूटी भत्ता तथा अतिरिक्त पंचायत भत्ता शामिल हैं। संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सरकार द्वारा जल्द ही इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा। इस स्थिति की पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन पर होगी।

यह आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है, जिससे पंचायती राज व्यवस्था के कामकाज पर सीधा असर पड़ रहा है और ग्रामीण स्तर पर सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story