भीलवाड़ा जिला बैडमिंटन प्रतियोगिता शुरू: पुलेला गोपीचंद ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित
पद्मश्री पुलेला गोपीचंद की मौजूदगी में सांगानेर की फॉर आर्म्स बैडमिंटन एकेडमी में जिला स्तरीय टूर्नामेंट का आगाज, उत्कृष्ट खेल प्रतिभाओं को मिला मोमेंटो।

भीलवाड़ा के सांगानेर स्थित फॉर आर्म्स बैडमिंटन एकेडमी में रविवार 24 मई 2026 को आयोजित जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि और पद्मश्री अवार्डी पुलेला गोपीचंद उपस्थित खेल प्रेमियों व खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए। मंच पर (बाएं से दाएं) जैन संगिनी भीलवाड़ा की प्रेसीडेंट दीपा एस सिसोदिया, भीलवाड़ा सोशल कू की फाउंडर विनीता गर्ग, पूर्व जिला खेल अधिकारी विजयसिंह शक्तावत, जिला खेल अधिकारी हेमेन्द्रसिंह राणावत, मुख्य अतिथि पुलेला गोपीचंद, राजस्थान ओलंपिक संघ के अध्यक्ष तेजस्वी गहलोत, राजस्थान बैडमिंटन संघ के सचिव केके शर्मा और जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष लाजपत आचार्य आसीन हैं।
खेल हो या जीवन दोनों में ही कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नहीं है, इसलिए खिलाड़ियों को हमेशा कड़ी मेहनत करनी चाहिए क्योंकि असफल होने पर भी निरंतर प्रयास करने वाले ही अंत में चैंपियन बनते हैं। यह प्रेरणादायी उद्गार भारतीय बैडमिंटन संघ के कोच एवं उपाध्यक्ष, ऑल इंग्लैंड चैंपियन तथा पद्मश्री अवार्डी पुलेला गोपीचंद ने मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए। अवसर था जिला बैडमिंटन संघ, भीलवाड़ा के तत्वावधान में उपनगर सांगानेर स्थित फॉर आर्म्स बैडमिंटन एकेडमी में आयोजित जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के भव्य उद्घाटन और सम्मान समारोह का। प्रतिष्ठित बैडमिंटन दिग्गज पुलेला गोपीचंद ने युवा शटलर्स में जोश भरते हुए कहा कि जीत हमेशा सिर्फ ताकतवर और तेज इंसान की नहीं होती, बल्कि मजबूत दिमाग और दृढ़ इच्छाशक्ति वाले की होती है, इसलिए सभी खिलाड़ी लक्ष्य और जुनून के साथ अपने खेल का सम्मान करें और अपना पूरा समर्पण दें। उद्घाटन समारोह के बाद भारतीय बैडमिंटन कोच पुलेला ने जिले के शटलर्स को बैडमिंटन खेल से संबंधित कई महत्वपूर्ण तकनीकी गुर भी सिखाए।
भव्य उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता करते हुए राजस्थान ओलंपिक संघ के अध्यक्ष तेजस्वी गहलोत ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और कहा कि हार-जीत कोई मायने नहीं रखती, बल्कि खिलाड़ियों को खेल को हमेशा खेल की भावना से ही खेलना चाहिए। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि भारतीय बैडमिंटन संघ के संयुक्त सचिव एवं राजस्थान बैडमिंटन संघ के सचिव केके शर्मा ने प्रदेश में खेल के विकास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बैडमिंटन राजस्थान में लगातार अपने नए आयाम स्थापित कर रहा है। इसी कड़ी में अभी हाल ही में सभी खिलाड़ियों की प्राइज मनी बढ़ा दी गई है और वर्तमान में खेल के माध्यम से युवाओं को रोजगार के बेहतरीन अवसर भी मिल रहे हैं।
जिला बैडमिंटन संघ के सचिव अभिषेक शर्मा ने बताया कि इस गरिमामयी प्रतियोगिता के उद्घाटन एवं सम्मान समारोह में पूर्व जिला खेल अधिकारी विजयसिंह शक्तावत, जिला खेल अधिकारी हेमेन्द्रसिंह राणावत, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष लाजपत आचार्य, भीलवाड़ा सोशल कू की फाउंडर विनीता गर्ग और जैन संगिनी भीलवाड़ा की प्रेसिडेंट दीपा एस सिसोदिया भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मंच पर उपस्थित रहीं। जिला संघ के संयुक्त सचिव भूपेन्द्रसिंह पंवार ने जानकारी दी कि उद्घाटन समारोह के दौरान जिले के विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट और सराहनीय प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा मोमेंटो प्रदान कर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। पंवार ने आगे बताया कि इस जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के विभिन्न मुकाबलों में अंडर-11, 13, 15, 17, 19 वर्ग की छात्र-छात्राएं तथा सीनियर एवं मास्टर्स वर्ग में महिला व पुरुष खिलाड़ी पूरे उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं। इस गरिमामय खेल आयोजन के दौरान खेल जगत से जुड़े निर्मल कटारिया, रितेश श्रोत्रिय, राजेश भदादा, फॉर आर्म्स एकेडमी के निदेशक रोशन डाड, विनीत शर्मा, साहिल सालगिया, दारा सिंह, हीरालाल रेगर, वैभव झंवर, कैलाश मूंदड़ा, दीपक कुमार, महेश शर्मा, कैलाश खटीक, सुधा जाट और मुकेश गर्ग आदि खेल प्रेमी व गणमान्य नागरिक प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के रेफरी विनीत शर्मा ने विधिवत उद्घाटन के पश्चात कोर्ट पर खेले गए रोमांचक मैचों के आधिकारिक परिणाम जारी करते हुए बताया कि छात्र सिंगल अंडर-11 वर्ग में अक्षतसिंह गौड ने कुलदीप सिंह गहलोत को 21-4, 21-11 से शिकस्त दी। वहीं छात्रा सिंगल अंडर-13 वर्ग के कड़े मुकाबले में तनाया चौधरी ने आशवी सारस्वत को 13-21, 21-15, 21-18 से पराजित कर जीत दर्ज की। छात्र सिंगल अंडर-15 वर्ग के मैचों में कार्तिक सोमानी ने अनय जैन को 21-5, 21-1 से तथा जतिन तेली ने कार्तिक मिश्रा को 21-7, 21-17 से करारी शिकस्त दी। इसके अतिरिक्त छात्र सिंगल अंडर-17 वर्ग के एकतरफा मुकाबले में महिराज सिंह पंवार ने शानदार खेल दिखाते हुए अथर्व पिल्लई को 21-9, 21-4 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। इस खेल आयोजन के सफल शुभारंभ ने भीलवाड़ा में बैडमिंटन की नई युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए एक मजबूत और ऐतिहासिक मंच प्रदान किया है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
