भीलवाड़ा: आरसीएम फैक्ट्री में हवाई हमले के बाद आग लगने की मॉक ड्रिल आयोजित
जिला प्रशासन और नागरिक सुरक्षा टीम ने हवाई हमले की स्थिति में आग पर नियंत्रण और घायलों के सफल रेस्क्यू का अभ्यास किया।

भीलवाड़ा की आरसीएम फैक्ट्री में आयोजित मॉक ड्रिल के दौरान आग पर काबू पाते नागरिक सुरक्षा कर्मी और जिला प्रशासन के अधिकारी।
भीलवाड़ा। जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार गुरुवार को भीलवाड़ा में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए आयोजित विशेष मॉक ड्रिल ने प्रशासनिक सतर्कता और रेस्क्यू टीम की त्वरित प्रतिक्रिया का सशक्त प्रदर्शन किया। अभ्यास ने यह स्पष्ट किया कि आपात स्थिति में जिले का तंत्र पूरी तरह सक्रिय और समन्वित है।
मॉक अभ्यास की शुरुआत सुबह 9:40 बजे हुई, जब जिला कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि दुश्मन के हवाई हमले के कारण आरसीएम फैक्ट्री के ऑयल प्लांट में भीषण आग लग गई है। सूचना मिलते ही पूरा सिस्टम सक्रिय हो गया। प्लांट में तत्काल एयर रेड सायरन बजाए गए और त्वरित चेतावनी प्रसारित की गई। जिला प्रशासन ने बिना विलंब सिविल डिफेंस रेस्क्यू टीम, पुलिस, मेडिकल टीम और होमगार्ड को घटनास्थल के लिए रवाना किया।
सिविल डिफेंस की रेस्क्यू टीम ने ऑयल प्लांट के भीतर अग्नि प्रभावित क्षेत्र में प्रवेश कर साहस और दक्षता का परिचय दिया तथा सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस काल्पनिक हमले में 8 श्रमिकों को घायल दर्शाया गया, जिन्हें मौके पर मौजूद मेडिकल टीम ने तत्काल प्राथमिक उपचार प्रदान किया। गंभीर रूप से ‘घायल’ श्रमिकों को एम्बुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पुलिस और होमगार्ड के जवानों ने भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संभाला। मौके पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) श्रीमती प्रतिभा देवतिया, एसडीएम हमीरगढ़, अग्निशमन अधिकारी और हमीरगढ़ थाना पुलिस सहित विभिन्न विभागों का जाब्ता मौजूद रहा। अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम की बारीकी से निगरानी करते हुए सभी व्यवस्थाओं का आकलन किया।
सिविल डिफेंस टीम की त्वरित कार्रवाई, आरसीएम की ईआरटी (ERT) और फायर सेफ्टी यूनिट के समन्वय से यह मॉक ड्रिल सफलतापूर्वक संपन्न हुई। अभ्यास के दौरान सभी 8 ‘घायलों’ को सुरक्षित बचा लिया गया और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। यह सफल अभ्यास भीलवाड़ा प्रशासन की आपदा प्रबंधन क्षमता, तत्परता और प्रभावी समन्वय का स्पष्ट प्रमाण है, जो किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार और मुस्तैद है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
