डिजिटल अंगदान प्रतिज्ञा अभियान में भीलवाड़ा बना प्रदेश में नंबर-1, 24 हजार से अधिक प्रतिज्ञाओं पर मिला राज्य सम्मान
भीलवाड़ा ने डिजिटल अंगदान प्रतिज्ञा अभियान में 24 हजार से अधिक प्रतिज्ञाओं के साथ राजस्थान में पहला स्थान हासिल किया। राज्य स्तरीय समारोह में जिले को सम्मानित किया गया।

तस्वीर में जयपुर के एसएमएस मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह के दौरान चिकित्सा मंत्री श्री गजेंद्र सिंह खींवसर और प्रमुख शासन सचिव श्रीमती गायत्री राठौड़ द्वारा जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो प्रदान किया जा रहा है।
भीलवाड़ा जिले ने डिजिटल अंगदान प्रतिज्ञा (Digital Organ Donation Pledge) अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राजस्थान में प्रथम स्थान हासिल किया है। जिले के 24 हजार से अधिक लोगों द्वारा अंगदान प्रतिज्ञा लेने पर बुधवार को राज्य स्तरीय सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान राज्य अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (SOTTO), जयपुर द्वारा एसएमएस मेडिकल कॉलेज के न्यू एकेडमिक ब्लॉक ऑडिटोरियम में आयोजित भारतीय अंगदान दिवस राज्य स्तरीय समारोह में प्रदान किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव श्रीमती गायत्री राठौड़ सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू ने इस उपलब्धि पर जिलेवासियों एवं चिकित्सा विभाग की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान जिले के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री संजीव शर्मा, महात्मा गांधी चिकित्सालय के पीएमओ, चिकित्सा विभाग की पूरी टीम, विभिन्न विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों तथा जिले की जागरूक जनता को दिया।
उन्होंने कहा कि अंगदान महादान है और इसके माध्यम से अनेक जरूरतमंद लोगों को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में जिले में अंगदान के प्रति जनजागरूकता के प्रयास लगातार जारी रखे जाएंगे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री संजीव शर्मा ने बताया कि जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन तथा चिकित्सा विभाग के समन्वित प्रयासों से जिले में डिजिटल अंगदान प्रतिज्ञा अभियान को व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप दिया गया। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों, सामाजिक संगठनों और आमजन की सक्रिय भागीदारी के कारण भीलवाड़ा ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर यह गौरव हासिल किया। यह उपलब्धि जिले में अंगदान के प्रति बढ़ती जागरूकता और सामूहिक सहभागिता का महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर सामने आई है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
