भीलवाड़ा में महिलाओं को डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जीतो लेडीज विंग की ‘डिजी नारी’ कार्यशाला ने महत्वपूर्ण पहल की। अब मोबाइल, व्हाट्सऐप और ऑनलाइन भुगतान जैसे रोजमर्रा के कामों के लिए महिलाओं को दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। कार्यशाला में 53 महिलाओं ने अपने मोबाइल फोन पर 21 डिजिटल कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।

जीतो भीलवाड़ा चैप्टर के मार्गदर्शन में जीतो भीलवाड़ा लेडीज विंग की ओर से जीतो सेंटर फॉर एक्सीलेंस के अंतर्गत शनिवार, 21 नवम्बर को राजेंद्र मार्ग स्थित आईमैड इंस्टीट्यूट में ‘डिजी नारी-डिजिटल सशक्तिकरण कार्यशाला’ आयोजित की गई।

जीतो लेडीज विंग की चीफ सेक्रेटरी निकिता पाटोदी ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य उन महिलाओं को डिजिटल रूप से सक्षम बनाना था, जिन्हें मोबाइल फोन चलाने, व्हाट्सऐप इस्तेमाल करने और ऑनलाइन भुगतान जैसे सामान्य कार्यों के लिए बार-बार दूसरों की सहायता लेनी पड़ती है। कार्यक्रम में हेड बोर्ड से वाइस चेयरपर्सन मोनिका रांका, चीफ सेक्रेटरी निकिता पाटोदी, जॉइंट सेक्रेटरी रितिका पाटनी और ट्रेजरर सोनल छाबड़ा मौजूद रहीं।

कार्यशाला का संचालन आईमैड (इंस्टीट्यूट ऑफ मल्टीमीडिया एनिमेशन डिजाइनिंग) की इंजी. रचना मेहता ने किया। छह चरणों में आयोजित यह प्रशिक्षण पूरी तरह अभ्यास आधारित रहा। इसमें प्रतिभागियों ने अपने मोबाइल फोन पर स्वयं 21 डिजिटल कार्य करना सीखा। कार्यशाला में 53 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को व्हाट्सऐप पर चैट और मैसेज पिन करने, ग्रुप आर्काइव और म्यूट करने, महत्वपूर्ण संदेशों को स्टार करने, पोल बनाने, लाइव लोकेशन साझा करने तथा हिंदी में बोलकर संदेश लिखने का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही ऑनलाइन फॉर्म भरने और क्यूआर कोड के माध्यम से सुरक्षित भुगतान करने की प्रक्रिया समझाई गई। डिजिटल भुगतान के दौरान सुरक्षा के लिए यह महत्वपूर्ण नियम भी बताया गया कि पैसे प्राप्त करने के लिए कभी पिन दर्ज नहीं करना होता है।

ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के लिए आयोजित सत्र में ओटीपी साझा नहीं करने, केवाईसी और लॉटरी के नाम पर भेजे जाने वाले फर्जी संदेशों, ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसी धोखाधड़ी तथा रिश्तेदारों की आवाज में पैसे मांगने वाले फर्जी कॉल के प्रति सतर्क रहने की जानकारी दी गई। सभी प्रतिभागियों ने अपने व्हाट्सऐप पर टू-स्टेप वेरिफिकेशन सक्रिय किया और अनजान कॉल तथा ग्रुप से बचाव के लिए जरूरी सेटिंग भी की। साइबर धोखाधड़ी होने की स्थिति में साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।

कार्यशाला में आधुनिक डिजिटल उपकरणों के इस्तेमाल का प्रशिक्षण भी दिया गया। महिलाओं ने मेटा एआई की मदद से संदेश लिखना, चैटजीपीटी से दीपावली की रंगोली का चित्र तैयार करना, कैनवा के माध्यम से शुभकामना कार्ड बनाना और गूगल पर बोलकर जानकारी खोजना सीखा।

प्रशिक्षण को प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक प्रतिभागी को एक जोड़ीदार के साथ अभ्यास कराया गया। सहायकों ने हर चरण में महिलाओं की मदद की, ताकि वे स्वयं मोबाइल पर सभी प्रक्रियाएं समझ सकें। प्रशिक्षण के बाद अभ्यास जारी रखने के लिए सभी प्रतिभागियों को घर ले जाने हेतु नोट्स शीट और टास्क शीट भी प्रदान की गई।

कार्यशाला में जीतो लेडीज विंग की पूर्व सेक्रेटरी अर्चना पाटोदी, मनीषा खजांची, विमला लुहाड़िया, डिजी नारी संयोजिका प्रियंका पाटनी, पीआर एवं सोशल मीडिया संयोजिका जिम्मी जैन, संपत देवी रांका, शोभा देवी जैन, संतोष सांखलेचा, मंजू तोडरवाल, विमला रांका, उर्मिला अजमेरा, सुलेखा सिसोदिया और हेमलता खेराड़ा सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं। समापन पर प्रशिक्षक इंजी. रचना मेहता और आईमैड इंस्टीट्यूट के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यशाला के माध्यम से महिलाओं को डिजिटल तकनीक के दैनिक इस्तेमाल, ऑनलाइन भुगतान और साइबर सुरक्षा के प्रति व्यावहारिक रूप से जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया गया।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story