भीलवाड़ा: साकरिया गांव में दिखा धामण सांपों का जोड़ा, ग्रामीणों ने माना शुभ संकेत
सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र के खेतों में धामण सांपों की प्रणय मुद्रा देख ग्रामीणों में कौतुहल, अच्छी बारिश और फसल के शुभ संकेत के रूप में देखा जा रहा है दृश्य।

गंगापुर। भीलवाड़ा जिले के सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत साकरिया गांव में भीषण गर्मी और झुलसाती हवाओं के बीच प्रकृति का एक दुर्लभ दृश्य कौतुहल का केंद्र बन गया। ढोसर ग्राम पंचायत के समीप खेतों के रास्ते पर दो धामण सांपों का जोड़ा लंबे समय तक प्रणय मुद्रा में अठखेलियां करता नजर आया। द्वितीय ज्येष्ठ मास की तपिश और उमस भरे मौसम के बीच सामने आई सांपों की इस प्रणय लीला को ग्रामीणों ने कौतुहल और विस्मय के साथ देखा। साकरिया गांव निवासी किसान सांवरमल जोशी ने इस अद्भुत दृश्य को अपने कैमरे में कैद किया। लोक मान्यताओं को मानने वाले स्थानीय ग्रामीणों ने सांपों के इस जोड़े को शुभ संकेत के रूप में देखा है। क्षेत्रवासियों का मानना है कि यह दृश्य आने वाले समय में अच्छी बारिश, हरियाली और बेहतर फसल का सूचक है। सांकरिया गांव के खेतों में घटी इस घटना की चर्चा पूरे क्षेत्र में बनी हुई है। इस रोमांचक दृश्य को दिनेश चौहान द्वारा रिपोर्ट किया गया है। प्रकृति के इस अनोखे मिलन ने न केवल ग्रामीणों को आकर्षित किया, बल्कि इसे क्षेत्र के लिए एक सुखद और सकारात्मक संकेत के रूप में प्रचारित किया जा रहा है।

