भीलवाड़ा: विदेश में बैठे अपराधियों को भारत लाएगी राजस्थान पुलिस
डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय गिरोहों पर नकेल कसने और पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ पुलिस कार्यप्रणाली में सुधार का निर्देश दिया।

भीलवाड़ा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मीडिया से मुखातिब होते राजस्थान पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, साथ में एडीजी वीके सिंह, आईजी राजेन्द्र सिंह और अन्य अधिकारी।
राजस्थान पुलिस के महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने सोमवार को भीलवाड़ा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए संगठित अपराध और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर बड़ा बयान दिया।
अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क और अपराधियों पर प्रहारडीजीपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि "विदेश में बैठकर प्रदेश में रंगदारी, धमकी और अन्य संगीन वारदातें अंजाम देने वाले अपराधियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत भारत लाया जाएगा।" उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और एक एक कर कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा।
विदेशी नेटवर्क तोडऩे की तैयारी: राजस्थान पुलिस लगातार ऐसे अपराधियों पर नजर रखे हुए है, जो विदेश में बैठकर यहां अपने गुर्गों के जरिए आपराधिक गतिविधियां चला रहे हैं। कानूनी और कूटनीतिक प्रयास: इन अपराधियों को भारत लाने के लिए कानूनी और कूटनीतिक स्तर पर प्रयास जारी हैं। स्थानीय सहयोगियों पर शिकंजा: प्रदेश में इनके लिए काम करने वाले स्थानीय सहयोगियों पर भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। डीजीपी ने दो टूक कहा कि "बिना स्थानीय मदद के कोई भी अपराधी प्रदेश में रंगदारी वसूली या वारदातों को अंजाम नहीं दे सकता, इसलिए ऐसे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचकर कार्रवाई की जाएगी।" पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं पर स्पष्टताप्रदेश में हुए पेपर लीक मामलों पर सवाल के जवाब में डीजीपी शर्मा ने कहा कि इस दिशा में गठित एसआईटी ने सराहनीय काम किया है। उन्होंने बताया कि जिन लोगों ने भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी की थी, उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है। डीजीपी के अनुसार इसके बाद आयोजित हुई परीक्षाओं में किसी तरह की अनियमितता सामने नहीं आई और अब सभी भर्तियां पारदर्शी तरीके से कराई जा रही हैं।
पुलिस कार्यप्रणाली और थानों में व्यवहारडीजीपी ने यह भी साफ किया कि "पुलिस थानों में आमजन के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।" उन्होंने कहा कि जनता पुलिस पर भरोसा रखे और निर्भय होकर अपनी शिकायतें दर्ज कराए। आमजन का सहयोग ही पुलिस को मजबूत बनाता है और यही बेहतर कानून व्यवस्था की नींव है।
साइबर अपराध और माफियाओं पर जवाबमीडिया के सवालों पर डीजीपी ने साइबर अपराध, बजरी माफिया, अवैध खनन, एसआई पदों की कमी और प्रदेश में अपराध की स्थिति जैसे मुद्दों पर भी जवाब दिए। उन्होंने कहा कि इन सभी क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई चल रही है और आने वाले समय में और अधिक प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
अजमेर रेंज की अपराध समीक्षा बैठकडीजीपी राजीव कुमार शर्मा सोमवार को भीलवाड़ा पहुंचे और जिला कलेक्ट्रेट सभागार में अजमेर रेंज की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में लंबित प्रकरणों, गंभीर अपराधों और साइबर मामलों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। डीजीपी ने साफ शब्दों में कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर पीडि़त को समय पर न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।
आईओ और ओआईसी को निर्देश: जांच अधिकारियों और थाना प्रभारियों को मामलों में लगातार फॉलोअप रखने के निर्देश दिए। विवेचना में देरी से न केवल पीडि़त परेशान होता है बल्कि पुलिस की छवि भी प्रभावित होती है। समयबद्ध निस्तारण: संगीन अपराधों में संवेदनशीलता के साथ सख्त कार्रवाई करते हुए समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। साइबर अपराध पर एक्शन: तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर अपराधियों तक जल्द पहुंचा जाए। ऑनलाइन ठगी, डिजिटल फ्रॉड और अन्य तकनीकी अपराधों में किसी भी तरह की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। पुलिस लाइन का निरीक्षण और संवादभीलवाड़ा पहुंचने पर डीजीपी शर्मा ने सबसे पहले पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और जवानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। पुलिस लाइन में आयोजित संपर्क सभा में उन्होंने कार्मिकों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि "अनुशासन, ईमानदारी और जनसेवा ही पुलिस की असली पहचान है।"
उपस्थित वरिष्ठ अधिकारीप्रेस वार्ता और अहम बैठक के दौरान निम्नलिखित अधिकारी मौजूद रहे:
- एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वीके सिंह
- अजमेर रेंज आईजी राजेन्द्र सिंह
- डीआईजी कुंवर राष्ट्रदीप
- भीलवाड़ा एसपी धर्मेंद्र सिंह
फोटो- बीएचएल 05: डीजीपी राजीव कुमार शर्मा का भीलवाड़ा दौरा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
