भीलवाड़ा को 1347.44 करोड़ के 6 विकास कार्यों की सौगात, मुख्यमंत्री ने किया शिलान्यास
भीलवाड़ा में 1347.44 करोड़ के छह प्रमुख विकास कार्यों का मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शिलान्यास किया, शहर को मिलेगी नई विकास गति।

तस्वीर में भीलवाड़ा के नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बैठे जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू, विधायक अशोक कुमार कोठारी और अन्य गणमान्य नागरिक नजर आ रहे हैं।
भीलवाड़ा को ‘हरित राजस्थान’ के संकल्प के तहत 1347.44 करोड़ रुपये के छह प्रमुख विकास कार्यों की सौगात मिली है। जयपुर के ओटीएस ग्राउंड से आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नगर निगम सभागार, भीलवाड़ा में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नगर विकास न्यास, भीलवाड़ा द्वारा करवाए जाने वाले इन विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में भीलवाड़ा शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ शहर को सुंदर, स्वच्छ एवं हरित बनाने की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।
विधायक कोठारी ने बताया कि नगर विकास न्यास द्वारा कुल लगभग 1347.44 करोड़ रुपये की लागत से प्रमुख विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें 499.95 लाख रुपये की लागत से भीलवाड़ा शहर में वृक्षारोपण एवं वानिकी संबंधी कार्य, पांच वर्ष के रखरखाव सहित, शामिल हैं।
इसके अलावा 360.14 लाख रुपये की लागत से प्रगतिपथ-चित्तौड़गढ़ सड़क की रीकार्पेटिंग का कार्य जोन-1 में किया जाएगा। 142.98 लाख रुपये की लागत से आरओबी से एनएच-79 तक ग्रीन बेल्ट का निर्माण एवं विकास, 141.97 लाख रुपये की लागत से 200 फीट रिंग रोड से मालोला जाने वाली सड़क का निर्माण, 108.34 लाख रुपये की लागत से नगर वन, पटेल नगर विस्तार के बाहर वर्षा जल की निकासी के लिए नाले का निर्माण तथा 94.06 लाख रुपये की लागत से बीएसएल मिल के पीछे नाले का निर्माण कार्य भी प्रस्तावित है।
विधायक अशोक कुमार कोठारी ने कहा कि इन विकास कार्यों से शहर में हरित क्षेत्र का विस्तार होगा। यातायात एवं सड़क सुविधाओं में सुधार आएगा और वर्षा जल निकासी की समस्या के समाधान में भी महत्वपूर्ण मदद मिलेगी। साथ ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाएं और मजबूत होंगी।
उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा को आधुनिक, सुंदर, स्वच्छ एवं हरित शहर बनाने के लिए राज्य सरकार के सहयोग से विकास कार्यों का सिलसिला लगातार जारी रहेगा।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू, प्रतिभा देवातिया, चन्द्र वीर सिंह, जन संपर्क अधिकारीगण, राजकुमार आंचलिया, बाबू लाल टाक, दिनेश सुथार, पृथ्वीराज के साथ बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विधायक कोठारी ने इन बहुप्रतीक्षित विकास कार्यों एवं हरित सौगातों के लिए समस्त भीलवाड़ा शहरवासियों की ओर से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री एवं भीलवाड़ा प्रभारी मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा एवं राजस्थान सरकार का आभार व्यक्त किया।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
