वस्त्र नगरी भीलवाड़ा में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए गुंडागर्दी का ग्राफ एक बार फिर तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है। रविवार को शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो दुस्साहसिक वारदातें सामने आने से सनसनी फैल गई। बेखौफ हमलावरों ने जहां एक वारदात में एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया, वहीं दूसरी वारदात में तीन दोस्तों को घेरकर उन पर बेस बॉल के डंडों से जानलेवा वार कर दिए। इन दोनों ही हमलों में गंभीर रूप से घायल दो युवकों को लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। इस सनसनीखेज घटनाक्रम के बाद स्थानीय पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और पुलिस दोनों मामलों में फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

वात्सल्य हॉस्पिटल के पास तीन दोस्तों पर डंडों से हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली वारदात सुभाषनगर थाना इलाके में घटित हुई। सुभाषनगर पुलिस ने बताया कि पुलिस लाइन के पीछे का निवासी घनश्याम सिंह (22) पुत्र दरियाव सिंह राव रविवार को अपने दो दोस्तों निर्मल माली व ओमप्रकाश भांभी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर कहीं जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में वात्सल्य हॉस्पिटल के नजदीक घात लगाकर बैठे ईश्वर, अमन सहित अन्य लोगों ने अपनी बाइक आगे लगाकर इन दोस्तों का रास्ता रोक लिया। इससे पहले कि पीड़ित कुछ समझ पाते, आरोपियों ने उन पर बेस बॉल के डंडों से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। इस अचानक हुए हमले में तीनों दोस्त बुरी तरह जख्मी हो गए, जिनमें से घनश्याम सिंह की हालत अत्यंत गंभीर होने पर उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती करवाया गया।

रेलवे फाटक के पास टेम्पो चालक को रोककर चाकूबाजी

उधर, दूसरी दुस्साहसिक वारदात प्रताप नगर थाना इलाके में रेलवे फाटक के पास बीती रात करीब 10 बजे सामने आई। जवाहर नगर निवासी साहिद पुत्र जाकिर खान पठान पेशे से टेम्पो चालक है। रात के समय जब वह रेलवे फाटक के पास से गुजर रहा था, तभी उसे रामसिंह, बॉबी, छोटू सहित अन्य लोगों ने बीच रास्ते में रोक लिया। पीड़ित के पिता जाकिर ने प्रताप नगर थाने में दी रिपोर्ट में गंभीर आरोप लगाया कि इन लोगों ने साहिद पर चाकू से हमला किया और उसे सड़क पर नीचे गिराकर बेरहमी से मारपीट की। पुलिस ने बताया कि हमले की यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसकी गहनता से जांच की जा रही है। हालांकि, पुलिस प्रशासन द्वारा अभी चाकू से हमले की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घायल साहिद का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

इन दोनों वारदातों ने भीलवाड़ा शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरेराह हुए इन हमलों से आमजन में खौफ का माहौल है। फिलहाल, दोनों संबंधित थानों की पुलिस ने मामले दर्ज कर लिए हैं और सीसीटीवी फुटेज व प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर हमलावरों को दबोचने के लिए टीमें रवाना कर दी हैं।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story