भीलवाड़ा: ऑनलाइन सट्टे में 13 लाख हारने पर पत्नी ने रची चोरी की झूठी कहानी
राजस्थान के भीलवाड़ा में प्रॉपर्टी कारोबारी के घर हुई 13 लाख रुपये की नकबजनी का खुलासा, कर्ज और पकड़े जाने के डर से पत्नी ने खुद रची थी साजिश।

भीलवाड़ा जिले के भीमगंज थाना क्षेत्र में 13 लाख रुपये की नकबजनी के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज कुछ ही दिनों में खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी चोर नहीं, बल्कि खुद फरियादी की पत्नी थी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ऑनलाइन सट्टे की लत के कारण लाखों रुपये गंवाने के बाद उसने पकड़े जाने के डर से घर में चोरी का झूठा नाटक रच दिया।
मामला तिलकनगर स्थित मकान नंबर 6 ई 30 निवासी संदीप कुमार जैन पुत्र कैलाश चंद्र जैन से जुड़ा है, जो प्रॉपर्टी का व्यवसाय करते हैं। संदीप कुमार जैन ने 23 जून 2026 को भीमगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट के अनुसार 22 जून की शाम करीब 8 बजे वह अपनी पत्नी के साथ बाजार गए थे। रात करीब 9:30 बजे घर लौटने पर उन्होंने देखा कि मकान का मुख्य गेट खुला हुआ था। कमरे में रखे पलंग के बॉक्स से 13 लाख रुपये की नकदी से भरा नीला बैग गायब था। यह राशि उन्होंने एक प्लॉट बेचकर जुटाई थी, जिसे किसी पार्टी को देना था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305ए के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारसमल जैन तथा पुलिस उप अधीक्षक सज्जन सिंह के सुपरविजन में भीमगंज थानाधिकारी सुनील चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और संदिग्ध मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) का विश्लेषण किया।
तकनीकी जांच के दौरान परिवार के सदस्यों के बयानों में विरोधाभास मिलने पर पुलिस का संदेह घर के ही सदस्य पर गहराया। इसके बाद फरियादी की पत्नी क्षिप्रा जैन (30) से मनोवैज्ञानिक तरीके से गहन पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान वह टूट गई और अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
आरोपी क्षिप्रा जैन ने पुलिस को बताया कि उसे ऑनलाइन सट्टा खेलने की लत है। सट्टे के लिए रुपयों की जरूरत पड़ने पर वह अपने पति द्वारा अलमारी में रखी नकदी को धीरे-धीरे निकालकर सट्टे में लगाती रही। लगातार सट्टे में लाखों रुपये हार जाने के बाद उसे पकड़े जाने का डर सताने लगा। इसी कारण उसने घर में चोरी का झूठा नाटक रचा और अपने पति के माध्यम से थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी।
जुर्म स्वीकार करने के बाद पुलिस ने आरोपी क्षिप्रा जैन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब चोरी की गई राशि की बरामदगी के प्रयास में जुटी है। इस खुलासे ने न केवल 13 लाख रुपये की नकबजनी की गुत्थी सुलझा दी, बल्कि यह भी उजागर कर दिया कि ऑनलाइन सट्टे की लत किस तरह लोगों को अपराध की राह पर धकेल सकती है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
