भीलवाड़ा जिले में अपराध और कानून व्यवस्था को लेकर पिछले कुछ दिनों में कई महत्वपूर्ण घटनाक्रम हुए हैं। पुलिस ने अपहरण, चोरी का माल खरीदने और अवैध खनन के मामलों में सख्त कार्रवाई की है, वहीं एक मामले में पीड़ित परिवार ने पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाया है।


1. किडनैप और मारपीट के आरोपित का कोर्ट में सरेंडर, पुलिस ने किया गिरफ्तार

  • युवक के अपहरण और बेरहमी से पिटाई के सनसनीखेज मामले में फरार चल रहा आरोपी आखिरकार कानून के शिकंजे में आ गया।
  • गुर्जर मोहल्ला निवासी सौरभ पुत्र अश्विनी त्रिपाठी ने गुरुवार को अदालत में सरेंडर किया, जिसके तुरंत बाद भीमगंज थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
  • पुलिस के अनुसार इस मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया गया था।

लंबे समय से फरार सौरभ की तलाश की जा रही थी, जो उच्च न्यायालय के आदेश के बाद अदालत पहुंचा और वहीं से पुलिस की गिरफ्त में आ गया। जांच अधिकारी कृष्ण गोपाल ने बताया कि यह वारदात 14 जुलाई 2025 की है। सलावटिया निवासी हरीओम तेली अपने निजी काम से भीलवाड़ा आया था। हरीओम और विक्रम शर्मा के बीच पुरानी रंजिश थी। इसी दुश्मनी के चलते बाइक पर आए कुछ लोगों ने उसे जबरन उठाया और पटरी पार की एक कॉलोनी में ले गए। वहां विक्रम शर्मा सहित अन्य आरोपित भी आ गये। इसके बाद सभी ने हरीओम को बंधक बनाकर जमकर मारपीट की। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।


2. चोरी की सोने की चेन खरीदने वाला सर्राफा पुलिस के शिकंजे में

चोरी के मामलों में केवल चोर ही नहीं बल्कि चोरी का माल खरीदने वाले भी अब पुलिस की रडार पर हैं। जिले के गंगापुर कस्बे में मकान से चोरी की गई सोने की चेन खरीदने के आरोप में पुलिस ने एक सर्राफा व्यापारी को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में खलबली मच गई।

  • गंगापुर थाने के सहायक उप निरीक्षक जोगेंद्र सिंह ने बताया कि गंगापुर निवासी ओमप्रकाश परिहार के मकान के 5 दिसंबर को ताले तोडक़र बदमाश एक सोने की चेन, सोने की अंगूठी और 1 लाख 38 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए थे।
  • इस संबंध में परिहार के बेटे मंगल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
  • पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी की वारदात में कालू उर्फ भूरा बागरिया और रामस्वरूप बागरिया शामिल थे, जिन्हें प्रोडक्शन वारंट पर जेल से लाया गया। इसके अलावा एक अन्य आरोपी दुर्गा बागरिया को भी गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि चोरी की गई सोने की चेन उन्होंने संजय नगर, बिजयनगर बरल 2 निवासी बुद्धि प्रकाश उर्फ सोनू पुत्र नौरतमल सोनी को बेच दी थी। इस जानकारी के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सर्राफा व्यापारी को दबोच लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर चोरी की चेन बरामद करने का प्रयास कर रही है।


3. रायला पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

भीलवाड़ा जिले की बनेड़ा तहसील के ग्राम लाम्बियाकलां के ग्रामीणों ने एक गंभीर मारपीट और धमकी के मामले में पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जातिगत गालियां देने, जान से मारने के प्रयास और झूठे मामलों में फंसाने की धमकियों के बावजूद आरोपियों के खिलाफ अब तक कोई ठोस कानूनी कदम नहीं उठाया गया है।

ज्ञापन में बताया गया कि तीन फरवरी 2026 को दोपहर करीब तीन बजकर पच्चीस मिनट पर अर्जुन बलाई पुत्र श्रवण बलाई 35 अपने घर पर अकेला था। उसी दौरान विशाल, लखन और सीता कथित तौर पर आपसी मिलीभगत से जबरन घर में घुसे और अर्जुन के साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उसका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। शोर मचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन जाते समय फिर से जान से मारने और झूठे छेड़छाड़ व बलात्कार के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।

पीडि़त पक्ष का कहना है कि पूरे परिवार को जान माल का खतरा बना हुआ है। पीडि़त ने उसी दिन रायला थाने में रिपोर्ट दी थी, लेकिन अब तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं होने से आरोपी खुलेआम धमकियां दे रहे हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ तुरंत मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और पीडि़त परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए।


4. बनास नदी में पुलिस की दबिश, 2 जेसीबी मशीनें और 5 ट्रैक्टर जब्त

हमीरगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत बरडोद एवं सायला गांव क्षेत्र स्थित बनास नदी में लंबे समय से चल रहे अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। यह कार्रवाई आईपीएस (प्रोबेशनर) माधव उपाध्याय के नेतृत्व में की गई, जिससे खनन माफियाओं में हडक़ंप मच गया। विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बनास नदी में दबिश दी। पुलिस को देखते ही खनन माफिया मौके से भागने लगे।

इस दौरान पुलिस ने मौके से 2 जेसीबी मशीनें और 5 ट्रैक्टर जब्त किए, हालांकि माफिया 4 जेसीबी मशीनों को भगा ले जाने में सफल रहे।

बताया गया है कि बनास नदी क्षेत्र में बिना अनुमति बड़े पैमाने पर बजरी और रेत का अवैध खनन किया जा रहा था, जिससे पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने अवैध बजरी खनन और परिवहन में लगे वाहनों को जब्त किया और खनन कार्य को तत्काल रुकवाया।

"अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खनन माफियाओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और फरार जेसीबी मशीनों व आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है।" - आईपीएस माधव उपाध्याय

इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों में भय का माहौल है, वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस द्वारा जब्त वाहनों को हमीरगढ़ थाने में खड़ा कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story