भीलवाड़ा के प्रताप नगर थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक खौफनाक घटनाक्रम सामने आया है। यहां कार्यालय जाने के दौरान एक कर्मचारी के साथ मारपीट कर उसकी गाड़ी लूटने के बाद, उसे बचाने पहुंचे मालिक पर हथियारबंद बदमाशों ने लाठी-डंडों और तलवारों से जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित ने मुख्य आरोपियों पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।

मंगरोप निवासी लोकेश कुमार खटीक ने प्रताप नगर थाने में दर्ज कराई गई लिखित शिकायत में बताया है कि घटनाक्रम 20 मई की सुबह शुरू हुआ, जब उनका कर्मचारी मनीष खटीक अपने घर से कार्यालय के लिए निकला था। मनीष जैसे ही चंद्रशेखर पुलिया के नीचे पहुंचा, वहां पहले से घात लगाकर बैठे आनंद शर्मा और उसके साथियों ने उसे जबरन रोक लिया। आरोपियों ने मनीष के साथ जमकर मारपीट की और उसकी गाड़ी छीन ली। इस घटना की सूचना मिलते ही लोकेश कुमार अपने एक मित्र के साथ मौके पर पहुंचे, ताकि अपने कर्मचारी को सुरक्षित वापस ला सकें।

शिकायतकर्ता के अनुसार, जैसे ही वे वहां पहुंचे, आरोपी हनुमान धाकड़ और आनंद शर्मा वहां अपने 15 से 20 साथियों के साथ कारों व मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आ धमके। हमलावरों के पास लाठी-डंडे और धारदार तलवारें थीं। आरोपियों ने लोकेश कुमार पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। लोकेश कुमार ने पुलिस को बताया कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने न केवल उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, बल्कि जातिसूचक गालियां देते हुए धमकी दी कि 'तेरा एसपी धर्मेंद्र गया, अब वापस राज हमारा है'।

पीड़ित लोकेश कुमार ने अपनी शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि मुख्य आरोपी हनुमान धाकड़ एक आदतन अपराधी और हिस्ट्रीशीटर प्रवृत्ति का व्यक्ति है। इस दुस्साहसिक हमले के बाद से पीड़ित और उनका परिवार गहरे खौफ के साए में है। गनीमत रही कि घटना के समय मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव किया, जिससे पीड़ित की जान बच सकी। मामले की गंभीरता को देखते हुए लोकेश कुमार ने प्रताप नगर थाना प्रभारी से उचित कानूनी कार्रवाई करने और अपने तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की पुरजोर मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story