भीलवाड़ा: बुजुर्ग महिला के कान काटकर लूट करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार
कोटड़ी थाना पुलिस ने महिला से बर्बरता कर जेवरात लूटने के मामले में फरार मुख्य आरोपी भैरूलाल मोग्या को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर रिमांड पर लिया है।

राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में ग्रामीण महिलाओं को निशाना बनाकर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक खतरनाक और शातिर बदमाश को कोटड़ी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जैतपुरा रोड पर गाय लेकर लौट रही बुजुर्ग महिला के कान काटकर सोने के टॉप्स और गले का मांदलिया लूटने की सनसनीखेज वारदात में फरार चल रहे मुख्य आरोपी भैरूलाल मोग्या को पुलिस ने दबोच लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर सौंप दिया गया है।
यह खौफनाक वारदात 27 मार्च 2026 की शाम करीब 5:30 बजे की है। कोटड़ी निवासी कमला देवी अहीर अपने खेत से गाय लेकर पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान सगस जी के स्थान के पास मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे। आते ही एक आरोपी ने महिला को पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने चाकू निकालकर उसे धमकाया।
वारदात के दौरान बदमाशों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। चाकू की नोक पर बुजुर्ग महिला के दोनों कान नीचे से काट दिए और कानों में पहने सोने के टॉप्स जबरन खींच लिए। आरोपियों ने खींचतान करते हुए महिला के गले में पहना सोने का छोटा मांदलिया भी काटकर लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद कोटड़ी थाने में मुकदमा नंबर 50/2026 धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
महिलाओं पर हुए इस बर्बर हमले को जिला पुलिस प्रशासन ने गंभीरता से लिया। उच्चाधिकारियों के निर्देशन में कोटड़ी थाना पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने पारंपरिक पुलिसिंग, मुखबिर तंत्र और तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपियों भैरू उर्फ नाना लाल मोग्या और गोवर्धन मोग्या को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया माल भी बरामद कर लिया था। हालांकि वारदात का मुख्य आरोपी भैरूलाल मोग्या लगातार फरार चल रहा था। पुलिस टीम ने लगातार दबिश और जाल बिछाकर आखिरकार उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
थाने लाकर जब आरोपी से मनोवैज्ञानिक तरीके से सख्ती के साथ पूछताछ की गई तो उसने वारदात में शामिल होना स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी भैरूलाल उर्फ भेरूलाल मोग्या पुत्र पूरणमल मोग्या, चित्तौड़गढ़ जिले के बड़ी सादड़ी थाना क्षेत्र के भागल (खेरमालिया/तुम्बड़िया) गांव का रहने वाला है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गैंग ग्रामीण इलाकों के सुनसान रास्तों की पहले रेकी करती थी। इसके बाद अकेले पैदल आने-जाने वाले महिला और पुरुषों को हथियारों के बल पर निशाना बनाया जाता था। विरोध करने पर आरोपी जानलेवा हमला करने से भी पीछे नहीं हटते थे।
गिरफ्तार मुख्य आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। अब पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि भीलवाड़ा और आसपास के जिलों में इस गैंग ने ऐसी कितनी और वारदातों को अंजाम दिया है। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को निशाना बनाकर की गई इस बर्बर लूटकांड ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया था, जबकि आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
