भीलवाड़ा जिले के हमीरगढ़ थाना क्षेत्र के बरडोद गांव में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक युवक ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने के बाद खुद भी फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस मामले को हत्या के बाद आत्महत्या का मानकर जांच कर रही है। पति-पत्नी रविवार शाम को ही अपने साढू के घर मिलने पहुंचे थे।

हमीरगढ़ थाना प्रभारी सुनील बेड़ा ने बताया कि मृतक कालू जाट (30), पुत्र देवीलाल जाट, निवासी बन का खेड़ा (थाना बड़लियास), अपनी पत्नी दुर्गा देवी (27) के साथ रविवार शाम को बरडोद गांव में अपने साढू जगदीश जाट के घर आया था। रात को सभी ने साथ भोजन किया और सामान्य माहौल में सो गए।

सोमवार सुबह करीब 11 बजे वारदात हुई। सुबह साढू जगदीश और उनकी पत्नी खेत में फूल तोड़ने गए, तो दुर्गा देवी भी उनके साथ चली गई। इसी दौरान कालू जाट ने दुर्गा को फोन कर उदयपुर जाने में देरी होने की बात कहते हुए उसे काफी भला-बुरा कहा और तुरंत घर बुला लिया। इसके बाद जगदीश, दुर्गा देवी को घर के बाहर छोड़कर वापस खेत पर चले गए।

खेत पहुंचने के बाद जगदीश की पत्नी ने आशंका जताई कि दोनों के बीच कहीं झगड़ा न हो जाए। इस पर दोनों तुरंत वापस घर लौटे। करीब आधे घंटे बाद जब वे घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा हल्का सा बंद था। कमरे के भीतर जाने पर कालू जाट का शव फंदे से लटका मिला, जबकि दुर्गा देवी का शव बेड पर पड़ा था। यह दृश्य देखकर दोनों के होश उड़ गए। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और हमीरगढ़ थाना पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुनील बेड़ा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (Forensic Science Laboratory) टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य और अन्य सबूत जुटाए।

थाना प्रभारी सुनील बेड़ा ने बताया, "प्रारंभिक जांच और निरीक्षण में मृतका दुर्गा देवी के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि कालू जाट ने किसी बात पर कहासुनी के बाद पत्नी की गला घोंटकर हत्या की और उसके बाद खुद भी फंदे पर झूल गया। दोनों शवों को हमीरगढ़ के सरकारी अस्पताल की मॉर्च्यूरी (शवगृह) में रखवाया गया है।"

साढू जगदीश के अनुसार, कालू और दुर्गा ने करीब 11 साल पहले अपनी मर्जी से प्रेम विवाह किया था। बचपन में परिजनों ने दोनों का अलग-अलग स्थानों पर बाल विवाह करा दिया था, लेकिन बालिग होने के बाद दोनों ने एक-दूसरे को चुना और विवाह कर लिया। कालू खेती-किसानी का काम करता था। इस घटना के बाद उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दंपती अपने पीछे 10 साल के बेटे और 7 साल की बेटी को छोड़ गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story