भीलवाड़ा: पुलिस कर्मचारी के मालिक पर हमला, गाड़ी छीनी
चंद्रशेखर पुलिया के पास बदमाशों ने कर्मचारी से गाड़ी छीनी, बीच-बचाव करने पहुंचे मालिक लोकेश कुमार खटीक पर लाठी-डंडों व तलवार से हमला किया।

भीलवाड़ा के प्रताप नगर थाना क्षेत्र में बुधवार को मारपीट, लूट और जानलेवा हमले का गंभीर मामला सामने आया। कार्यालय कर्मचारी के साथ रास्ते में मारपीट कर उसकी गाड़ी छीनने के बाद, बीच-बचाव करने पहुंचे उसके मालिक पर भी लाठी-डंडों और तलवारों से हमला करने का आरोप लगा है। पीड़ित ने आरोपियों पर जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
मामले में मंगरोप निवासी लोकेश कुमार खटीक ने प्रताप नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, 20 मई 2026 की सुबह उनका कर्मचारी मनीष खटीक अपने घर से ऑफिस के लिए निकला था। जैसे ही वह चंद्रशेखर पुलिया के नीचे पहुंचा, वहां पहले से मौजूद आनंद शर्मा और उसके साथियों ने उसे जबरन रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने मनीष के साथ मारपीट की और उसकी गाड़ी छीनकर ले गए।
घटना के बाद मनीष खटीक ने तुरंत अपने मालिक लोकेश कुमार को फोन कर जानकारी दी। सूचना मिलने पर लोकेश कुमार अपने एक मित्र के साथ मौके पर पहुंचे। शिकायतकर्ता के अनुसार, जैसे ही वे वहां पहुंचे, आरोपी हनुमान धाकड़, आनंद शर्मा और उनके साथ करीब 15 से 20 अन्य लोग कारों और मोटरसाइकिलों में सवार होकर वहां आ धमके। आरोप है कि आरोपियों के पास लाठी-डंडे और तलवारें थीं।
पीड़ित लोकेश कुमार ने शिकायत में बताया कि आरोपियों ने आते ही उन पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। मारपीट के दौरान आरोपियों ने कथित रूप से जातिसूचक गालियां दीं और धमकी देते हुए कहा, “तेरा एसपी धर्मेंद्र गया, अब वापस राज हमारा है।”
लोकेश कुमार ने पुलिस को बताया कि मुख्य आरोपी हनुमान धाकड़ आदतन अपराधी और हिस्ट्रीशीटर प्रवृत्ति का व्यक्ति है। घटना के बाद से उनका परिवार भय के माहौल में जी रहा है। घटना के दौरान मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर लोकेश कुमार को बचाया।
पीड़ित ने प्रताप नगर थाना प्रभारी से आरोपियों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई करने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। भीलवाड़ा में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
