भीलवाड़ा: स्कूलों में "कोर्ट वाली दीदी" शिकायत पेटी शुरू, जज ने सिखाए साइबर सुरक्षा के गुर
जिला न्यायाधीश अभय जैन ने संगम स्कूल में छात्रों को डिजिटल अरेस्ट और साइबर बुलिंग के प्रति सतर्क किया, अब विद्यार्थी बिना डर साझा कर सकेंगे अपनी समस्याएं।

भीलवाड़ा के संगम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में साइबर सुरक्षा कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को "कोर्ट वाली दीदी" शिकायत पेटी के बारे में जानकारी देते जिला एवं सेशन न्यायाधीश अभय जैन।
भीलवाड़ा। जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्री अभय जैन ने आज संगम स्कुल ऑफ एक्सीलेंस विद्यालय में कक्षा लेकर विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस दौरान उन्होंने साइबर बुलिंग, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन फ्रॉड तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है।
साइबर अपराधों से बचाव और जागरूकता का संदेश
उन्होंने सोशल मीडिया का सोच-समझकर उपयोग करने, व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचने तथा किसी भी संदिग्ध लिंक या कॉल से दूर रहने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने सवाल पूछे, जिनका न्यायाधीश ने सरल भाषा में समाधान किया। श्री अभय जैन ने इस अवसर पर विद्यालय में कोर्ट वाली दीदी शिकायत पेटी लगाकर शुरुआत की, इस पहल के तहत जिले के विभिन्न स्कूलों में विशेष शिकायत पेटी लगाई जाएगी, जिसमें छात्र-छात्राएं अपनी समस्याएं, शिकायतें और सवाल लिखकर डाल सकते हैं।
"कोर्ट वाली दीदी" पहल: बिना डरे अपनी बात कह सकेंगे विद्यार्थी
स्कूलों में शुरू हुई "कोर्ट वाली दीदी" शिकायत पेटी के माध्यम से विद्यार्थी अब बिना डर रख सकेंगे अपनी बात। श्री विशाल भार्गव सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भीलवाडा ने बताया की विद्यार्थियों को सुरक्षित और भरोसेमंद वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक नई पहल कोर्ट वाली दीदी शिकायत पेटी की शुरुआत की गई है। इस पहल के तहत विभिन्न स्कूलों में विशेष शिकायत पेटी लगाई जा रही है, जिसमें छात्र-छात्राएं अपनी समस्याएं, शिकायतें और सवाल लिखकर डाल सकते हैं।
गोपनीयता और विधिक सहायता का आश्वासन
इस योजना की खास बात यह है कि "शिकायत करने वाले विद्यार्थियों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इससे बच्चों को बिना किसी डर या संकोच के अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा।" विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम इन शिकायतों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। इस पहल से न केवल बच्चों की समस्याओं को सुनने का एक प्रभावी माध्यम मिलेगा, बल्कि उनके समाधान की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जा सकेंगे। महत्वपूर्ण हेल्पलाईन नम्बर भीलवाडा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, 8306002107, चाईल्ड हेल्पलाईन 1098, साईबर क्राईम 1930, मुफ्त कानूनी सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाईन नम्बर 15100 पर संपर्क करें।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
