भीलवाड़ा: नाबालिग से छेड़छाड़ के दोषी समीर शेख को 3 साल का कठोर कारावास
कोर्ट ने समीर शर्मा बनकर छात्रा को ब्लैकमेल करने वाले समीर शेख पर 30 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया और 9 गवाहों के आधार पर सजा सुनाई।

भीलवाड़ा की एक अदालत ने खुद को समीर शर्मा बताकर एक नाबालिग छात्रा का पीछा करने और उसे लगातार परेशान करने के आरोपी समीर शेख को तीन साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। विशिष्ट न्यायाधीश (पोक्सो-2) अर्चना मिश्रा ने यह फैसला सुनाते हुए आरोपी पर 30 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
समीर शर्मा बनकर किया था छात्रा का पीछा
विशिष्ट लोक अभियोजक अनिल कुमार शुक्ला ने बताया कि 16 मार्च 2022 को प्रतापनगर थाने में एक रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पीडि़ता की मां ने बताया कि उसकी 11 वीं कक्षा में पढऩे वाली नाबालिग पुत्री का समीर नामक युवक लंबे समय से पीछा कर रहा था। आरोपी ने अपनी पहचान छिपाकर खुद को हिंदू बताया और अपना नाम समीर शर्मा बताया। वह छात्रा पर दोस्ती और शादी के लिए दबाव बनाता था।
इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी और ब्लैकमेलिंग का आरोप
रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी ने छात्रा के नाम से इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाई और उसे मोबाइल पर मैसेज भेजकर परेशान करने लगा। आरोपी ने छात्रा को नशीला पदार्थ पिलाकर अश्लील फोटो खींच लिए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। फरवरी 2022 में जब आरोपी ने दोबारा छात्रा का रास्ता रोका और धमकी दी, तब पीडि़ता ने हिम्मत जुटाकर अपने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई।
अदालत में सिद्ध हुए पुलिस के आरोप
पुलिस ने मामला दर्ज कर महाराज की होटल (पुलिस लाइन क्षेत्र) के पास रहने वाले आरोपी समीर शेख पुत्र सलीम शेख को गिरफ्तार किया और न्यायालय में चार्जशीट पेश की। ट्रायल के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से 9 गवाह और 30 महत्वपूर्ण दस्तावेज पेश कर आरोपी पर लगे आरोपों को सिद्ध किया गया। न्यायालय ने साक्ष्यों के आधार पर समीर शेख को छेड़छाड़ और पोक्सो अधिनियम की धाराओं के तहत दोषी मानते हुए सजा सुनाई।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
